पूर्व विधायक गंगाबेन गरासिया को प्रधान चुनाव में नहीं मिला एक भी वोट, गुस्से में बोलीं- 'देखना क्या हाल करूंगी'

आबूरोड प्रधान चुनाव में पूर्व विधायक गंगाबेन गरासिया को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में एक भी वोट नहीं मिला। नतीजे के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों पर भड़कीं।

पूर्व विधायक गंगाबेन गरासिया को प्रधान चुनाव में नहीं मिला एक भी वोट, गुस्से में बोलीं- 'देखना क्या हाल करूंगी'

राजस्थान के सिरोही जिले की आबूरोड पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया। कांग्रेस की पूर्व विधायक और पूर्व जिलाध्यक्ष गंगाबेन गरासिया को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने के बावजूद एक भी वोट नहीं मिला। चुनाव परिणाम आने के बाद वह काफी नाराज नजर आईं। मतदान केंद्र से बाहर निकलते समय उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों पर जमकर भड़ास निकाली और कहा, 'देखना क्या हाल करूंगी, ध्यान से रहना।'

प्रधान चुनाव में किसे कितने वोट मिले?

आबूरोड पंचायत समिति में शुक्रवार को प्रधान पद के लिए मतदान हुआ। कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी मेवली ने 19 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। निर्दलीय प्रत्याशी लाली को चार वोट मिले, जबकि निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं पूर्व विधायक गंगाबेन गरासिया को एक भी वोट नहीं मिला।

खास बात यह रही कि गंगाबेन ने दावा किया कि उन्होंने भी अपना वोट कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी मेवली को दिया है।

कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर बनीं निर्दलीय प्रत्याशी

गंगाबेन गरासिया कांग्रेस के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीती थीं। इसके बाद उन्होंने प्रधान पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। हालांकि, पार्टी ने इस पद के लिए मेवली को अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर दिया।

इसके बावजूद गंगाबेन ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में डटी रहीं। टिकट नहीं मिलने से उनकी पार्टी के कुछ पदाधिकारियों से नाराजगी भी सामने आई।

'देखना क्या हाल करूंगी, ध्यान से रहना'

मतदान के बाद मतदान केंद्र से बाहर निकलते ही गंगाबेन गरासिया का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने वहां मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों की ओर इशारा करते हुए कहा, 'देखना क्या हाल करूंगी, यह मैं गंगाबेन बोल रही हूं। ठेकेदारों थोड़ा ध्यान से रहना।'

उन्होंने कुछ पार्टी पदाधिकारियों पर कांग्रेस को बेचने और होटल में बैठकर राजनीतिक सौदेबाजी करने के आरोप लगाए। साथ ही एक पदाधिकारी पर पैसे लेने का आरोप भी लगाया। गंगाबेन ने कहा कि उन्हें पार्टी से नाराजगी नहीं है, बल्कि पार्टी के नाम पर काम करने वाले ठेकेदारों से नाराजगी है।

गंगाबेन बोलीं- मैंने कांग्रेस को वोट दिया, गद्दार नहीं हूं

पूर्व विधायक ने कहा कि उन्हें प्रधान पद का टिकट देने की बात कही गई थी, इसलिए उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। उनके मुताबिक, पार्टी के कुछ लोगों ने बिना राय लिए टिकट का फैसला किया। उन्होंने कहा, 'मैंने वोट कांग्रेस को दिया है, गद्दार नहीं हूं।'

वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष लीलाराम गरासिया ने कहा कि पंचायत समिति के सभी निर्वाचित कांग्रेस सदस्यों से प्रधान पद के उम्मीदवार को लेकर राय ली गई थी। इसके बाद ही मेवली को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया। मेवली ने चुनाव में जीत दर्ज की है।