नागौर में नवनिर्वाचित सरपंच शैलू कंवर की संदिग्ध हालात में मौत, एयरगन से गोली चलने की बात; बेनीवाल ने जताई हत्या की आशंका

नागौर के टुंकलिया गांव की नवनिर्वाचित सरपंच शैलू कंवर राजपुरोहित की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है, जबकि हनुमान बेनीवाल ने हत्या की आशंका जताई है।

नागौर में नवनिर्वाचित सरपंच शैलू कंवर की संदिग्ध हालात में मौत, एयरगन से गोली चलने की बात; बेनीवाल ने जताई हत्या की आशंका

जिले की ग्राम पंचायत टुंकलिया की नवनिर्वाचित सरपंच शैलू कंवर राजपुरोहित की मंगलवार को गोली लगने से मौत हो गई। घटना के समय उनके परिवार में शादी समारोह चल रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार घर में रखी एयरगन की सफाई के दौरान अचानक गोली चलने से वे घायल हो गईं। परिजन उन्हें इलाज के लिए जोधपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

एयरगन की सफाई के दौरान हादसे की बात

जानकारी के मुताबिक शैलू कंवर मेड़ता रोड-गोटन क्षेत्र की ग्राम पंचायत टुंकलिया से हाल ही में सरपंच निर्वाचित हुई थीं। मंगलवार को घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एयरगन की सफाई करते समय अचानक गोली चलने की बात सामने आई। छर्रे लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए जोधपुर लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

गोटन थाना अधिकारी सुमन चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जानकारी में एयरगन की सफाई के दौरान हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। शव को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवाया जाएगा।

हनुमान बेनीवाल ने जताई हत्या की आशंका

नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने शैलू कंवर की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान शैलू कंवर की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि घटना की वास्तविक स्थिति पुलिस के उच्च अधिकारियों की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

बेनीवाल ने पुलिस महानिदेशक से बातचीत कर मामले का जल्द खुलासा करने और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

शादी वाले घर में पसरा मातम

शैलू कंवर के निधन की खबर से टुंकलिया गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। जिस घर में शादी समारोह की तैयारियां और खुशियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह एयरगन से हुआ हादसा था या घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी।