11 सदस्य, 5 दावेदार और 3 निर्दलीय… रेवदर में बहुमत के बाद भी BJP की क्यों बढ़ी टेंशन? 27 नवंबर को होगा फैसला
रेवदर पंचायत समिति में 11 सदस्य होने के बावजूद भाजपा की मुश्किलें बढ़ीं। पांच दावेदार, तीन निर्दलीय और क्रॉस वोटिंग की आशंका के बीच 27 नवंबर को प्रधान का चुनाव होगा।
राजस्थान के सिरोही जिले की रेवदर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पंचायत समिति की 21 सीटों में से 11 पर जीत हासिल कर भाजपा ने स्पष्ट बहुमत तो प्राप्त कर लिया है, लेकिन इसके बावजूद प्रधान की कुर्सी तक पहुंचने का रास्ता पार्टी के लिए आसान नजर नहीं आ रहा। इसकी सबसे बड़ी वजह प्रधान पद के पांच दावेदार और संभावित क्रॉस वोटिंग की आशंका है। वहीं, कांग्रेस की नजर तीन निर्दलीय सदस्यों और भाजपा के असंतुष्ट सदस्यों पर टिकी है।
रेवदर पंचायत समिति में 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान पद के लिए चुनाव होना है। जिले की पंचायत समितियों में रेवदर एकमात्र ऐसी समिति है, जहां भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है। ऐसे में प्रधान पद का चुनाव पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है।
पांच दावेदारों में फंसा भाजपा का प्रधान पद
भाजपा में प्रधान पद के लिए गणपत सिंह निम्बोडा, प्रकाश राज रावल, दक्षा देवड़ा, जितेन्द्र चौधरी और माधो सिंह चौहान के नाम चर्चा में हैं। पार्टी नेतृत्व के सामने इन पांच दावेदारों में से किसी एक के नाम पर सहमति बनाने की चुनौती है।
पार्टी के लिए केवल प्रधान का नाम तय करना ही मुश्किल नहीं है, बल्कि बाकी दावेदारों और उनके समर्थकों को भी एकजुट रखना जरूरी है। पुराने कार्यकर्ताओं को मौका देने, जातीय समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन साधने के बीच भाजपा नेतृत्व को ऐसा नाम तलाशना है, जिस पर सभी सदस्यों की सहमति बन सके।
भाजपा के पास कुल 11 सदस्य हैं, यानी बहुमत के आंकड़े से एक भी अतिरिक्त सदस्य नहीं है। ऐसे में एक सदस्य की नाराजगी या क्रॉस वोटिंग चुनावी गणित बदल सकती है।
2015 का इतिहास भाजपा के लिए बड़ी चुनौती
रेवदर पंचायत समिति में भाजपा के सामने वर्ष 2015 का चुनावी इतिहास भी चुनौती बना हुआ है। उस समय 21 में से भाजपा ने 17 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के पास तीन और एक निर्दलीय सदस्य था। इसके बावजूद भाजपा प्रधान पद का चुनाव हार गई थी।
उस चुनाव में भाजपा ने रणजीत कोली को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन भाजपा के ही टिकट पर जीते पूंजाराम मेघवाल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ दिया। क्रॉस वोटिंग के चलते पूंजाराम मेघवाल को 13 वोट मिले, जबकि भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी रणजीत कोली को केवल आठ वोट मिले। इस तरह भारी बहुमत होने के बावजूद भाजपा को प्रधान की कुर्सी गंवानी पड़ी थी।
इसी पुराने घटनाक्रम के कारण इस बार भी भाजपा नेतृत्व अपने सदस्यों की एकजुटता को लेकर सतर्क नजर आ रहा है।
तीन निर्दलीय सदस्यों पर कांग्रेस की नजर
वर्तमान चुनावी समीकरण में भाजपा के पास 11, कांग्रेस के पास सात और तीन सदस्य निर्दलीय हैं। कांग्रेस के पास अपने दम पर बहुमत नहीं है, लेकिन तीन निर्दलीय सदस्यों का समर्थन मिलने और भाजपा के किसी असंतुष्ट सदस्य के साथ आने से मुकाबले के समीकरण बदल सकते हैं।
ऐसे में कांग्रेस भी प्रधान पद के चुनाव को लेकर अपनी रणनीति बनाने में जुटी है। दूसरी तरफ भाजपा के सामने अपने सभी 11 सदस्यों को एकजुट रखने की जिम्मेदारी है।
67 साल में बने 15 प्रधान, अब मिलेगा 16वां प्रधान
रेवदर पंचायत समिति की स्थापना वर्ष 1959 में हुई थी। इसके बाद से अब तक यहां 15 प्रधान इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इनमें माधो सिंह देवड़ा सबसे अधिक तीन बार प्रधान बने। उन्होंने 1961, 1965 और 1981 में यह जिम्मेदारी संभाली थी।
वहीं पदमा कुँवर ने 2005 से 2014 तक लगातार दो कार्यकाल पूरे किए। वर्ष 2015 में पूंजाराम मेघवाल और 2021 में राधिका देवासी प्रधान बनी थीं। अब आगामी चुनाव के बाद रेवदर पंचायत समिति को अपना 16वां प्रधान मिलेगा।
27 नवंबर को साफ होगी प्रधान पद की तस्वीर
रेवदर में प्रधान पद के चुनाव से पहले भाजपा के सामने पांच दावेदारों के बीच सहमति बनाने, अपने 11 सदस्यों को एकजुट रखने और क्रॉस वोटिंग की आशंका रोकने की चुनौती है। वहीं कांग्रेस की रणनीति निर्दलीय सदस्यों और भाजपा के असंतुष्टों के समर्थन पर टिकी है।
अब सबकी नजर 27 नवंबर को होने वाले मतदान पर है। स्पष्ट बहुमत के बावजूद भाजपा के लिए यह चुनाव कितना चुनौतीपूर्ण साबित होता है और प्रधान की कुर्सी किसके खाते में जाती है, इसका फैसला मतदान के बाद ही होगा।

