दिल्ली के कैफे में 22 साल की युवती से गैंगरेप का आरोप, दो महिलाओं समेत 3 गिरफ्तार; 3 आरोपी फरार
Delhi Gang Rape Case: प्रीत विहार के कैफे में 22 वर्षीय युवती ने सहकर्मियों पर गैंगरेप का आरोप लगाया। पुलिस ने दो महिलाओं समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया।
Delhi Gang Rape Case: राजधानी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में 22 वर्षीय युवती ने अपने सहकर्मियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, मामला देर रात कैफे में हुई पार्टी से जुड़ा है। युवती की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि बाकी तीन की तलाश जारी है।
प्रीत विहार के कैफे में हुई थी देर रात पार्टी
पुलिस के अनुसार, युवती कड़कड़डूमा स्थित क्रॉस रिवर मॉल के एक कैफे में काम करती है। आरोपी भी उसके सहकर्मी बताए जा रहे हैं। सोमवार रात युवती अपने साथियों के साथ प्रीत विहार स्थित एक अन्य कैफे पहुंची थी, जहां देर रात पार्टी हुई।
बताया गया है कि कैफे आमतौर पर रात 11:30 बजे बंद हो जाता है, लेकिन समूह के एक सदस्य के पास उसकी चाबी थी। इसी वजह से कैफे दोबारा खोला गया और वहां पार्टी जारी रही। इस दौरान समूह के लोगों ने कथित तौर पर शराब पी और देर रात तक डांस किया।
दो सहकर्मियों पर दुष्कर्म का आरोप
युवती ने आरोप लगाया है कि पार्टी के दौरान दो पुरुष सहकर्मियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उसने यह भी आरोप लगाया कि वहां मौजूद अन्य लोगों ने आरोपियों का साथ दिया। पुलिस के मुताबिक, समूह के लोग तड़के करीब 3:30 बजे कैफे से निकले थे।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार पुरुषों और दो महिलाओं समेत कुल छह लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। हालांकि, सभी आरोपियों की भूमिका की जांच अभी जारी है।
दो महिलाओं और एक पुरुष समेत 3 गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। वहीं, बाकी तीन आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राजीव कुमार के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और बाकी आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस दर्ज कर रही पीड़िता का बयान
रिपोर्ट के मुताबिक, युवती ने मंगलवार सुबह पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई थी। अब पुलिस उसका बयान दर्ज कर रही है। इसके साथ ही मजिस्ट्रेट के सामने भी उसका बयान दर्ज कराया जाएगा। घटना से जुड़े CCTV फुटेज और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका और घटना की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।

