Rajasthan News: फोम की आड़ में शराब तस्करी का खेल, कंटेनर से 35 लाख की 260 कर्टन शराब बरामद

राजस्थान-गुजरात सीमा पर बिछीवाड़ा पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर पर कार्रवाई करते हुए फोम के कर्टनों की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही हरियाणा निर्मित शराब और बीयर के 260 कर्टन जब्त किए। करीब 35 लाख रुपये की खेप के साथ हरियाणा निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।

Rajasthan News: फोम की आड़ में शराब तस्करी का खेल, कंटेनर से 35 लाख की 260 कर्टन शराब बरामद

राजस्थान-गुजरात सीमा पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बिछीवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक बंद बॉडी कंटेनर को रोककर तलाशी ली। कंटेनर में फोम यानी स्पंज के कर्टनों की आड़ में छिपाकर रखी गई हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस ने करीब 35 लाख रुपये कीमत की 260 कर्टन शराब जब्त कर हरियाणा निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने रोका कंटेनर

पुलिस के अनुसार, एसपी मनीष कुमार के निर्देशन में ऑपरेशन स्वच्छता के तहत अंतरराज्यीय सीमा रतनपुर बॉर्डर पर लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। बुधवार रात नेशनल हाईवे-48 पर रतनपुर चौकी के सामने उदयपुर से अहमदाबाद जाने वाली लेन में पुलिस को एक बंद बॉडी कंटेनर के गुजरात की ओर जाने की सूचना मिली थी।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कंटेनर को रुकवाया और उसकी तलाशी शुरू की।

फोम के पीछे बनाया था गुप्त केबिन

तलाशी के दौरान कंटेनर में फोम के कर्टन रखे मिले। पुलिस को संदेह होने पर फोम के पीछे और कंटेनर में बने गुप्त केबिन की जांच की गई। यहां छिपाकर रखी गई हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब और बीयर के 260 कर्टन बरामद हुए।

पुलिस के मुताबिक, तस्करों ने शराब को इस तरह छिपाया था कि सामान्य जांच में वह आसानी से नजर न आए। कंटेनर की बनावट और गुप्त स्थान से शराब छिपाकर ले जाने के तरीके का भी खुलासा हुआ।

गुजरात ले जाई जा रही थी शराब

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप गुजरात ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस ने शराब और कंटेनर को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले में आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और गुजरात में इसे किसे पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।