Barmer News: नकली नोट खपाने पहुंचे गुजरात के तीन युवक गिरफ्तार, 1.47 लाख की फर्जी करेंसी बरामद
बाड़मेर के रामसर स्थित पेट्रोल पंप पर नकली नोटों से भुगतान करने के मामले में गडरारोड़ पुलिस ने गुजरात के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 500 रुपये के 295 नकली नोट यानी 1 लाख 47 हजार 500 रुपये की नकली करेंसी बरामद हुई।
बाड़मेर के सीमावर्ती इलाके में नकली नोट खपाने आए गुजरात के तीन युवकों को गडरारोड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला रामसर के बालाजी पेट्रोल पंप से सामने आया, जहां युवकों ने गाड़ी में डीजल भरवाने के बाद 500-500 रुपये के नकली नोटों से भुगतान किया। नोटों पर संदेह होने के बाद पेट्रोल पंप से पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर बिना नंबर की क्रेटा कार को रुकवाया और उसमें सवार तीनों युवकों को पकड़ लिया।
पेट्रोल पंप पर खुला नकली नोटों का मामला
रामसर स्थित बालाजी पेट्रोल पंप पर तीन युवक क्रेटा कार से पहुंचे थे। उन्होंने गाड़ी में डीजल भरवाया और भुगतान के लिए 500-500 रुपये के नोट दिए। नोटों को लेकर शक होने पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी।
गडरारोड़ थानाधिकारी मुकनदान चारण ने बताया कि सूचना मिलते ही इलाके में नाकाबंदी करवाई गई। कुछ ही देर में पुलिस ने संदिग्ध बिना नंबर की क्रेटा कार को रोक लिया और उसमें सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी में मिले 295 नकली नोट
पुलिस ने कार में सवार युवकों की तलाशी ली तो उनके पास से 500-500 रुपये के कुल 295 नकली नोट बरामद हुए। बरामद नकली नोटों की कुल कीमत 1 लाख 47 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने नकली करेंसी को जब्त करने के साथ बिना नंबर की क्रेटा कार भी कब्जे में ले ली है। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
नकली नोटों के नेटवर्क की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास नकली नोट कहां से आए और इन्हें बाड़मेर के सीमावर्ती इलाके में कहां-कहां खपाया जाना था। पुलिस नकली करेंसी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

