अजमेर में उपप्रधान चुनाव: कांग्रेस और भाजपा को 4-4 सीटें, RLP ने दो पंचायत समितियों में बनाई जगह
Ajmer Panchayat Election में उपप्रधान की 10 सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बीच बराबरी का मुकाबला रहा। RLP ने भी दो पंचायत समितियों में जीत दर्ज की।
अजमेर जिले की 10 पंचायत समितियों में शनिवार को हुए उपप्रधान चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच बराबरी का मुकाबला रहा। दोनों दलों ने चार-चार पंचायत समितियों में उपप्रधान पद हासिल किया, जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रत्याशी दो समितियों में चुने गए। खास बात यह रही कि बड़ल्या और पीसांगन में उपप्रधान निर्विरोध निर्वाचित हुए।
बड़ल्या पंचायत समिति में भाजपा की शोभा गुर्जर और पीसांगन में मेघाराम निर्विरोध उपप्रधान चुने गए। वहीं कांग्रेस के समर्थन से अराई में RLP के राकेश बैरवा और सिलोरा में गमराज देवी ने उपप्रधान पद हासिल किया। गमराज देवी ने इससे पहले प्रधान पद का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
किस पंचायत समिति में किसकी जीत?
कांग्रेस की ओर से भिनाय में अर्चना सुराणा, सावर में बाली देवी कहार और सरवाड़ में न्याला देवी उपप्रधान चुनी गईं। भाजपा ने केकड़ी में रैना सैनी, अजमेर ग्रामीण में आशा और श्रीनगर में मेवी देवी को उपप्रधान बनाने में सफलता हासिल की। बड़ल्या में शोभा गुर्जर की निर्विरोध जीत के साथ भाजपा के कुल चार उपप्रधान हुए।
बहुमत के बावजूद कुछ जगह बदले समीकरण
पंचायत समिति चुनाव में अजमेर ग्रामीण, पीसांगन, भिनाय और सावर में कांग्रेस के पास बहुमत था। वहीं बड़ल्या, सरवाड़, श्रीनगर और केकड़ी में भाजपा को बहुमत हासिल था। दूसरी ओर अराई और सिलोरा में निर्दलीय तथा अन्य दलों के सदस्यों की भूमिका अहम रही। इन्हीं समीकरणों के बीच दोनों प्रमुख दलों के अलावा RLP ने भी दो पंचायत समितियों में उपप्रधान पद हासिल किए।

