8 वोट से हारे सरपंच प्रत्याशी पर गांव ने लुटाया प्यार, 1 करोड़ रुपये देने का ऐलान; 10 लाख मौके पर जुटाए
राजस्थान के बालोतरा की भाटाला पंचायत में 8 वोट से चुनाव हारे रामलाल गोदारा के समर्थन में ग्रामीणों ने 10 लाख रुपये जुटाए और करीब एक करोड़ की मदद का ऐलान किया।
चुनाव में जीत और हार तो लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन राजस्थान के बालोतरा में एक सरपंच प्रत्याशी की हार के बाद जो हुआ, उसने सबका ध्यान खींच लिया। भाटाला ग्राम पंचायत में महज 8 वोट से चुनाव हारने वाले रामलाल गोदारा के समर्थन में ग्रामीण एकजुट हो गए। गांव वालों ने न सिर्फ उनके चुनावी खर्च की जिम्मेदारी उठाने का फैसला किया, बल्कि करीब एक करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा भी कर दी। खास बात यह रही कि बैठक के दौरान ही ग्रामीणों ने 10 लाख रुपये नकद इकट्ठा कर लिए।
8 वोट से बदल गया चुनाव का नतीजा
भाटाला ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए देवीलाल चौधरी और रामलाल गोदारा के बीच मुकाबला था। 16 नवंबर को हुए चौथे चरण के मतदान में पंचायत के 1408 मतदाताओं में से 1317 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतगणना में 9 वोट खारिज हुए। देवीलाल चौधरी को 658 वोट मिले, जबकि रामलाल गोदारा को 650 वोट हासिल हुए। इस तरह रामलाल महज 8 वोट के अंतर से चुनाव हार गए।
दोनों प्रत्याशी पहली बार सरपंच पद का चुनाव लड़ रहे थे। रामलाल खेती-किसानी करते हैं, जबकि विजेता देवीलाल चौधरी लाइट लगाने का ठेका लेते हैं।
हार के बाद ग्रामीणों ने खोला खजाना
चुनाव परिणाम आने के बाद ग्रामीणों ने रामलाल गोदारा के घर पर बैठक की। इस बैठक में लोगों ने उनके चुनाव प्रचार के दौरान हुए खर्च की भरपाई करने का फैसला लिया। देखते ही देखते ग्रामीणों ने 10 लाख रुपये नकद जमा कर दिए। इसके साथ ही करीब एक करोड़ रुपये तक की आर्थिक मदद देने की घोषणा की गई।
ग्रामीणों का उत्साह यहीं नहीं रुका। चुनाव प्रचार में इस्तेमाल हुई गाड़ियों के कुछ मालिकों ने किराया और डीजल का खर्च लेने से भी इनकार कर दिया। गांव वालों का कहना था कि रामलाल के साथ खड़े रहने और उनके प्रयासों में सहयोग देने की जिम्मेदारी अब उनकी है।
रामलाल बोले- गांव के विकास और एम्बुलेंस पर खर्च करूंगा पैसा
ग्रामीणों से मिली इस मदद पर रामलाल गोदारा ने इसे जनता का प्यार और भरोसा बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव में उनका वास्तविक खर्च करीब एक लाख रुपये ही हुआ था। ऐसे में ग्रामीणों की ओर से जुटाई गई राशि को वे अपने पास रखने के बजाय गांव के कामों में लगाएंगे।
रामलाल के मुताबिक, इस पैसे से गांव में विकास कार्य करवाए जाएंगे और जरूरत के लिए एक एम्बुलेंस खरीदी जाएगी। उनका कहना है कि चुनाव हारने के बावजूद ग्रामीणों का साथ मिलना उनके लिए बड़ी बात है।
फर्जी मतदान का भी लगाया आरोप
चुनाव परिणाम के बाद रामलाल गोदारा ने मतदान प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कई समर्थक जब वोट डालने पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके नाम पर पहले ही मतदान हो चुका है। रामलाल ने इसे फर्जी वोटिंग बताते हुए विपक्षी प्रत्याशी पर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
भाटाला की यह घटना इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यहां चुनावी हार के बाद ग्रामीणों ने अपने प्रत्याशी से दूरी बनाने के बजाय उसके साथ खड़े होने का फैसला किया। अब देखना होगा कि घोषित की गई आर्थिक मदद कितनी जुटती है और गांव के विकास व एम्बुलेंस खरीदने की योजना कब तक पूरी होती है।

