दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर चला BMC का बुलडोजर, 87 साल पुरानी इमारत को क्यों किया गया जमींदोज?

मुंबई के भिंडी बाजार में दाऊद इब्राहिम के परिवार से जुड़ी 87 साल पुरानी मुसाफिरखाना इमारत पर BMC ने बुलडोजर चलाया। जानिए कार्रवाई की वजह और 24 घंटे के नोटिस पर क्यों हुआ विवाद।

दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर चला BMC का बुलडोजर, 87 साल पुरानी इमारत को क्यों किया गया जमींदोज?

मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के परिवार से जुड़ी 87 साल पुरानी इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू हो गई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की टीम गुरुवार सुबह भारी पुलिस सुरक्षा के बीच मौके पर पहुंची और तोड़फोड़ शुरू कर दी। कभी इस इमारत में दाऊद इब्राहिम का परिवार रहता था। आखिर 1939 में बनी इस इमारत को गिराने की जरूरत क्यों पड़ी और कार्रवाई से पहले दिए गए 24 घंटे के नोटिस पर विवाद क्यों हो रहा है? जानिए पूरा मामला।

दाऊद के परिवार से जुड़ी इमारत पर BMC का बुलडोजर

मुंबई के भिंडी बाजार स्थित 'हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना' को गिराने का काम 19 नवंबर की सुबह शुरू हुआ। BMC ने कार्रवाई के लिए 18 और 19 नवंबर की तारीख तय की थी, लेकिन बुधवार को तोड़फोड़ शुरू नहीं हो सकी। इसके बाद गुरुवार सुबह निगम की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। दक्षिण जोन-1 के DCP मनीष कलवानिया के मुताबिक, मौके पर BMC के इंजीनियरिंग विभाग सहित अन्य विभागों की टीमें भी मौजूद हैं। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है।

 1939 में बनी थी 36 कमरों वाली इमारत

इस मुसाफिरखाना इमारत का निर्माण साल 1939 में हुआ था। दो मंजिला इस भवन में कुल 36 कमरे थे। शुरुआत में इसका इस्तेमाल हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के ठहरने के लिए किया जाता था। बाद में यहां अन्य लोग भी रहने लगे। दाऊद इब्राहिम का परिवार भी इसी इमारत में रह चुका है।

करीब 87 साल पुरानी होने के कारण समय के साथ इमारत की हालत खराब होती चली गई। BMC ने इसे C-1 श्रेणी में रखा था। इस श्रेणी में उन इमारतों को शामिल किया जाता है, जिन्हें बेहद खतरनाक मानते हुए खाली कराना और ध्वस्त करना जरूरी होता है।

 सड़क चौड़ीकरण के लिए भी हटाना जरूरी

इमारत को गिराने की एक बड़ी वजह मुंबई में चल रहा पुनर्विकास और सड़क चौड़ीकरण का काम भी है। सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (SBUT) ने BMC को पत्र लिखकर इमारत की जर्जर स्थिति की जानकारी दी थी। ट्रस्ट ने इसे खाली कराकर गिराने की मांग की थी।

यह भवन ट्रस्ट के क्लस्टर रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के सेक्टर-8 का हिस्सा है। इमारत का कुछ हिस्सा प्रस्तावित सड़क के रास्ते में आ रहा था। इसके चलते सेकंड कूपर स्ट्रीट को चौड़ा करने और इलाके में अंदरूनी सड़क बनाने की योजना प्रभावित हो रही थी।

24 घंटे के नोटिस पर क्यों उठे सवाल?

BMC की कार्रवाई के बीच नोटिस की अवधि को लेकर विवाद भी सामने आया है। कुछ स्थानीय लोगों और ट्रस्ट से जुड़े लोगों का आरोप है कि वक्फ ट्रिब्यूनल ने इमारत को गिराने पर रोक लगा रखी है। उनका कहना है कि BMC ने केवल 24 घंटे का नोटिस देकर कार्रवाई शुरू कर दी, जबकि इसके लिए 15 दिन का समय मिलना चाहिए था।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतने कम समय में उन्हें कानूनी कार्रवाई करने और अदालत का दरवाजा खटखटाने का पर्याप्त मौका नहीं मिला।

वहीं, BMC ने अपने नोटिस में अगस्त 2020 के बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश का हवाला दिया है। फिलहाल भारी पुलिस सुरक्षा के बीच इमारत को गिराने की कार्रवाई जारी है। नोटिस की अवधि और कथित रोक को लेकर उठे सवालों पर विवाद बना हुआ है।