PM Modi on Monsoon Session: मानसून सत्र से पहले पीएम मोदी बोले- यह सत्र होगा ऐतिहासिक, देश ने अंतरिक्ष से लेकर हाइड्रोजन ट्रेन तक रचे नए कीर्तिमान
संसद के मानसून सत्र से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन और वंदे मातरम विधेयक समेत कई अहम मुद्दों का जिक्र किया।
PM Modi on Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (20 जुलाई) को कहा कि यह सत्र ऐतिहासिक होने वाला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जैसे मानसून देश के लिए लाभदायक होता है, उसी तरह संसद का मानसून सत्र भी देशहित में उत्पादक साबित होगा। प्रधानमंत्री ने पिछले एक महीने में देश की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन और ऊर्जा क्षेत्र में भारत की प्रगति को रेखांकित किया। इस बीच केंद्र सरकार मानसून सत्र के दौरान कई अहम विधेयक पेश करने की तैयारी में है, जिनमें वंदे मातरम से जुड़ा प्रस्तावित बिल भी शामिल है।
'मानसून भी प्रो-एक्टिव रहे और सत्र भी प्रोडक्टिव'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मानसून और मानसून सत्र दोनों तभी देश के लिए लाभदायक होते हैं, जब वे सक्रिय और उत्पादक हों।
उन्होंने कहा, "मानसून हो या मानसून सत्र, अगर दोनों ही प्रो-एक्टिव हों तो दोनों प्रोडक्टिव होते हैं। दोनों प्रोडक्टिव होंगे तो देश और जन-जन का कल्याण होगा। हमारी यही प्रार्थना है कि मानसून भी प्रो-एक्टिव रहे और संसद का मानसून सत्र भी पूरी तरह प्रोडक्टिव रहे।"
अंतरिक्ष में भारत की उपलब्धियों का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक महीने में भारत ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के युवाओं की क्षमता अब अंतरिक्ष जैसी असीम हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष मानसून सत्र से पहले एक भारतीय नागरिक इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचा था और हाल ही में एक भारतीय स्टार्टअप ने भी अंतरिक्ष क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। उनके अनुसार यह केवल संयोग नहीं, बल्कि भारत के युवाओं की बढ़ती क्षमता और महत्वाकांक्षा का प्रतीक है।
'रीफॉर्म एक्सप्रेस पर आगे बढ़ रहा है भारत'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश सुधारों की तेज रफ्तार पर आगे बढ़ रहा है और यही कारण है कि भारत के युवा बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें हासिल भी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सुधारों की इसी गति का परिणाम है कि भारत आज विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां दर्ज कर रहा है।
रिफाइनरी, सेमीकंडक्टर और हाइड्रोजन ट्रेन का भी किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने हाल के दिनों में देश को मिली कई बड़ी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में एक बड़ी ऑयल रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित की गई, देश का तीसरा सेमीकंडक्टर प्लांट शुरू हुआ और हाल ही में ग्रीन हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन भी शुरू की गई।
उन्होंने कहा कि दुनिया के बहुत कम देशों के पास हाइड्रोजन ट्रेन की तकनीक है, लेकिन भारत ने न केवल हाइड्रोजन ट्रेन शुरू की है, बल्कि यह दुनिया की सबसे शक्तिशाली इंजन वाली और सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन भी है।
मानसून सत्र में कई अहम विधेयक होंगे पेश
केंद्र सरकार संसद के मानसून सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इनमें वंदे मातरम से जुड़ा प्रस्तावित बिल समेत कई अन्य विधेयकों पर चर्चा और पारित कराने की योजना है। ऐसे में यह मानसून सत्र राजनीतिक और विधायी दोनों दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।

