दिवाली से पहले राजस्थान में 1800 किलो संदिग्ध पनीर पकड़ा, मौके पर नष्ट कराया; दो आरोपी गिरफ्तार
भरतपुर के डीग में खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो डेयरियों पर कार्रवाई कर 1800 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट कराया। पामोलीन ऑयल और अन्य सामग्री जब्त की गई, जबकि दो आरोपी गिरफ्तार हुए।
राजस्थान के भरतपुर जिले के डीग में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने दो अलग-अलग डेयरी इकाइयों पर जांच के दौरान करीब 1800 किलो संदिग्ध पनीर बरामद कर मौके पर नष्ट कराया। इसके अलावा पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर समेत अन्य खाद्य सामग्री भी जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, जब्त और नष्ट की गई संदिग्ध खाद्य सामग्री की कीमत 5.40 लाख रुपए से अधिक बताई गई है। यह कार्रवाई राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत की गई।
दो डेयरी इकाइयों पर हुई कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह के मुताबिक, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, जयपुर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंघल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा टीम ने पुलिस और डीएसटी टीम के साथ कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई कैथवाड़ा के ओलंदा क्षेत्र स्थित मैसर्स सिरवैया डेयरी में की गई। यहां से पनीर, पाम ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के नमूने लिए गए। टीम ने करीब 1600 किलो पनीर मौके पर गड्ढा खोदकर नष्ट कराया। इसके अलावा 180 किलो पामोलीन ऑयल और 750 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज किया गया।
दूसरी कार्रवाई ओलंदा के मांची जंगल क्षेत्र में स्थित आयुप डेयरी में हुई। यहां पनीर निर्माण का काम चल रहा था। टीम ने तैयार पनीर का नमूना लिया और करीब 200 किलो पनीर मौके पर नष्ट कराया।
अलीजान और साहिल गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अल्ली उर्फ अलीजान और साहिल को गिरफ्तार किया। विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 1800 किलो संदिग्ध पनीर के अलावा 18 कट्टे स्किम्ड मिल्क पाउडर, 3 कट्टे मशीन क्लीनिंग पाउडर, 11 पीपे पामोलीन ऑयल और 2 पीपे सोयाबीन ऑयल बरामद किए गए। मौके से एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया।
विभाग को आशंका है कि यह सामग्री त्योहारों के दौरान बाजार में सप्लाई की जानी थी। हालांकि, खाद्य पदार्थों में मिलावट की पुष्टि प्रयोगशाला जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होगी।
हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और यूपी में सप्लाई की आशंका
दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान पनीर तथा मावे की मांग बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर मिलावट की आशंका भी बढ़ती है। विभाग के अनुसार, पकड़े गए पनीर की हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सप्लाई किए जाने की आशंका थी।
टीम ने समय रहते कार्रवाई कर संदिग्ध सामग्री को बाजार तक पहुंचने से रोकने का प्रयास किया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर निरीक्षण और खाद्य पदार्थों के नमूने लेने का अभियान जारी रहेगा।
चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों डेयरी इकाइयों से कुल चार नमूने लेकर भरतपुर की खाद्य प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह, अमित कुमार चतुर्वेदी, डीएसटी टीम और कैथवाड़ा थाना प्रभारी हीरालाल मीना सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए त्योहारों के दौरान विशेष निगरानी रखी जा रही है।

