पंजाब का सेमिफाइनल...26 मई को निकाय चुनाव, राजनीति दलों ने झोंकी ताकत

पंजाब के 105 स्थानीय निकाय के नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के लिए 26 मई को चुनाव है

पंजाब का सेमिफाइनल...26 मई को निकाय चुनाव, राजनीति दलों ने झोंकी ताकत

पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. उससे पहले सियासी दलों ने अपनी अपनी एक्सरसाइज शुरू कर दी है. सियासी दलों की अग्निपरीक्षा निकाय चुनावों में होनी है, जिसके लिए राजनीतिक बिसात बिछ चुकी है. यही वजह है कि पंजाब में हो रहे स्थानीय निकाय चुनाव को 2027 के विधानसभा चुनाव का सेमिफाइनल माना जा रहा है.


26 मई को मतदान, सियासी समीकरण सेट !
पंजाब की 105 स्थानीय निकायों में चुनाव हो रहे हैं. जहां पर 26 मई को मतदान है. इन निकाय चुनावों का असर पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से करीब 90 सीट के सियासी समीकरणों पर पड़ने वाला है. निकाय चुनावों के नतीजे राजनीतिक दलों के लिए आगामी चुनाव से पहले बहुत कुछ तय कर देंगे.

निकाय चुनाव के जरिए आम आदमी पार्टी अपने सियासी माहौल को बनाए रखने की कवायद करेगी, तो कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी जैसी पार्टियां अपनी खोई जमीन वापस पाने के लिए बेताब हैं. ऐसे में देखना है कि निकाय चुनाव में क्या किसका दबदबा रहता है? 

पंजाब के 105 निकाय के लिए चुनाव 
पंजाब की 105 सीटों के लिए निकाय चुनाव होने जा रहे हैं. जहां पर 26 मई को चुनाव जबकि नतीजे 29 मई को आएंगे. 105 नगर निकाय में 8 नगर निगमों, 76 नगर कौंसिल (नगर पालिका) और 21 नगर पंचायतों में चुनाव है. बठिंडा, मोहाली, होशियारपुर, मोगा, पठानकोट, बटाला, अबोहर और कपूरथला नगर निगम के पार्षद सीटों पर चुनाव है. ऐसे ही नगर पालिका और नगर पंचायत के लिए भी अलग-अलग वार्डों में चुनाव है. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक 105 नगर निकाय के लिए कुल  10,809 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे. इसमें 713 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द कर दिए गए हैं, जिसके बाद  10096 उम्मीदवार ही मैदान में रह गए. 


पंजाब के जिन 8 नगर निगमों में चुनाव हो रहे हैं, उसे अलग-अलग वार्डों (सीटों) पर पार्षदों के लिए 2003 उम्मीदवार बचे हैं.  76 नगर कौंसिल की सीटों के लिए 6,887 उम्मीदवार मैदान में है तो 21 नगर पंचायत के लिए मैदान में 1,206 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं.  हालांकि, नामांकन वापस लिए जाने के बाद उम्मीदवारों के अंतिम आंकड़े सामने आ सकेंगे.