विश्वेंद्र सिंह ने कांग्रेस छोड़ी, अब अगला ठिकाना कहां ?

राजस्थान कांग्रेस में खींचतान के बीच विश्वेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस को अलविदा कहने का ऐलान किया। बीजेपी में उनकी वापसी की अटकलें तेज हैं, हालांकि अभी पार्टी में शामिल होने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

विश्वेंद्र सिंह ने कांग्रेस छोड़ी,  अब अगला ठिकाना कहां ?

राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। भरतपुर के दिग्गज नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। पिछले कुछ समय से वे कांग्रेस संगठन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की कार्यशैली को लेकर लगातार नाराजगी जाहिर कर रहे थे। उनके बयानों के बाद पार्टी के भीतर विवाद बढ़ा और स्थानीय कांग्रेस नेताओं की ओर से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठी। चर्चा थी कि कांग्रेस नेतृत्व उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकता है, लेकिन इससे पहले ही विश्वेंद्र सिंह ने खुद पार्टी छोड़ने का फैसला कर लिया।

अब उनके इस्तीफे के बाद सबसे बड़ा सवाल उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर है। विश्वेंद्र सिंह पहले बीजेपी में रह चुके हैं और वर्ष 2008 में कांग्रेस में शामिल हुए थे। ऐसे में उनके दोबारा बीजेपी का रुख करने की अटकलें तेज हैं, हालांकि अभी तक उनके बीजेपी में शामिल होने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। विश्वेंद्र सिंह के कांग्रेस छोड़ने का असर भरतपुर-डीग की स्थानीय राजनीति पर भी पड़ सकता है। अब नजर इस बात पर है कि वे किस राजनीतिक मंच का रुख करते हैं और उनके अगले कदम से राजस्थान की सियासत में क्या नए समीकरण बनते हैं।