एमके स्टालिन का CM विजय पर निशाना, बोले- जल्द सत्ता में लौटेगी DMK
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने लोगों से उन्हें मुख्यमंत्री कहना बंद करने की अपील की। बोले- DMK जल्द सत्ता में वापसी करेगी।
स्टालिन की हुंकार- 'मुझे मुख्यमंत्री कहना बंद करें, जल्द सत्ता में लौटेगी DMK सरकार'
तमिलनाडु की राजनीति में सत्ता को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। डीएमके अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए जल्द सत्ता में वापसी का दावा किया है। स्टालिन ने लोगों से यहां तक अपील कर दी कि उन्हें अब मुख्यमंत्री कहकर संबोधित करना बंद कर दें, क्योंकि उनकी पार्टी जल्द ही दोबारा सरकार बनाने जा रही है।
स्टालिन यह बात डीएमके नेता केएन नेहरू के परिवार में आयोजित एक शादी समारोह में कह रहे थे। उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोग उनसे कहते हैं कि वे मुख्यमंत्री के पद पर रहें या न रहें, लेकिन उनके लिए हमेशा मुख्यमंत्री ही रहेंगे। स्टालिन ने इस संबोधन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोग उन्हें मुख्यमंत्री कहना बंद करें, क्योंकि डीएमके जल्द सत्ता में वापसी करेगी।
विजय सरकार के कामकाज पर उठाए सवाल
स्टालिन ने मौजूदा सरकार के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रदर्शन बहुत खराब है और इसी वजह से उन्हें दोबारा सत्ता में लौटने का भरोसा है। उनके इस बयान को मुख्यमंत्री विजय और उनकी सरकार पर सीधे राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है।
केएन नेहरू के परिवार को दी बधाई
शादी समारोह में स्टालिन ने डीएमके नेता केएन नेहरू के परिवार की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि इस शादी में शामिल होकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने परिवार के सदस्यों और पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरुचिरापल्ली जिले को डीएमके का मजबूत गढ़ बनाने में उनकी अहम भूमिका हो सकती है।
तमिलनाडु में सत्ता परिवर्तन के बाद स्टालिन का यह बयान राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री विजय की ओर से इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया आती है और डीएमके अपनी वापसी के दावे को जमीन पर कितनी मजबूती दे पाती है।

