खान सर ने पटना कोर्ट में किया सरेंडर, गोलीकांड मामले में बढ़ी मुश्किलें

चर्चित शिक्षक Khan Sir ने पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। उनके कोचिंग संस्थान के बाहर हुए कथित गोलीकांड और बवाल के मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मामले में अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है।

खान सर ने पटना कोर्ट में किया सरेंडर, गोलीकांड मामले में बढ़ी मुश्किलें
Khan sir

चर्चित शिक्षक और कोचिंग संचालक खान सर ने शनिवार को पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया। बीते दिनों उनके कोचिंग संस्थान के बाहर हुए गोलीकांड और बवाल के बाद यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ था। पुलिस कार्रवाई की संभावना के बीच आखिरकार खान सर ने अदालत का रुख किया।

जानकारी के अनुसार, मुसल्लहपुर स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर मंगलवार रात गोलीबारी और हिंसक झड़प की घटना हुई थी। इस मामले में कदमकुआं थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस जांच में खान सर के अंगरक्षकों के बयान सामने आए हैं, जिनमें कथित तौर पर कहा गया है कि गोली उनके निर्देश पर चलाई गई थी। इसके आधार पर पुलिस ने खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

घटना के बाद से ही पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई थीं। शुक्रवार शाम से कोचिंग सेंटर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। इस बीच खान सर सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए, जिसके बाद उनके सरेंडर की अटकलें तेज हो गई थीं।

उधर, कोचिंग संस्थान के बाहर बड़ी संख्या में छात्र जुटे रहे। देर रात तक पुलिस और छात्रों के बीच तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के जरिए छात्रों से घर लौटने की अपील करती रही, लेकिन कई छात्र मौके पर डटे रहे।

इस पूरे विवाद में अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान 'ज्ञान बिंदु' के संचालक रौशन आनंद और उनके दो सहयोगी शामिल हैं। वहीं खान सर के दो अंगरक्षकों को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कोर्ट में सरेंडर के बाद खान सर की कानूनी स्थिति पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।