Karauli Accident: तेज रफ्तार मिनी बस ने बाइक को मारी टक्कर, पति-पत्नी समेत 3 की मौत; शव रखकर 3 घंटे प्रदर्शन

करौली के श्रीमहावीरजी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार मिनी बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि फरार बस चालक की तलाश जारी है।

Karauli Accident: तेज रफ्तार मिनी बस ने बाइक को मारी टक्कर, पति-पत्नी समेत 3 की मौत; शव रखकर 3 घंटे प्रदर्शन

करौली जिले में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्रीमहावीरजी थाना क्षेत्र के दुब्बी रोड पर तेज रफ्तार मिनी बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण जुट गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन और जाम किया। दोपहर करीब 12 बजे पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए सहमत हुए।

पति-पत्नी रिश्तेदार के साथ बाइक से जा रहे थे

हादसे में पिलौदा थाना क्षेत्र के किशोरपुरा गांव निवासी भगवत (60), उनकी पत्नी भगवानी कोली (55) और हिंडौन सदर थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी उनके रिश्तेदार लक्ष्मी नारायण कोली (28) की मौत हुई है।

जानकारी के अनुसार, तीनों एक बाइक पर सवार होकर बालघाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही मिनी बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ड्राइवर फरार

हादसे के बाद मिनी बस का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

हादसे की सूचना मिलते ही बालघाट थाना, श्रीमहावीरजी थाना और हिंडौन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हिंडौन से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

शव सड़क पर रखकर की ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने फरार बस चालक की जल्द गिरफ्तारी और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की।