Rajasthan Nikay Chunav: BJP ने जारी किया ‘नगरीय विकास संकल्प पत्र’, 24 घंटे बिजली और बेहतर पेयजल का वादा

राजस्थान निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी ने ‘नगरीय विकास संकल्प पत्र’ जारी किया। पार्टी ने वार्डों को विकास का आधार बनाने, पेयजल व्यवस्था सुधारने और घरेलू उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली देने की दिशा में काम करने का वादा किया है।

Rajasthan Nikay Chunav: BJP ने जारी किया ‘नगरीय विकास संकल्प पत्र’, 24 घंटे बिजली और बेहतर पेयजल का वादा

राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपना ‘नगरीय विकास संकल्प पत्र’ जारी कर दिया है। बुधवार को जयपुर स्थित बीजेपी मुख्यालय में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संकल्प पत्र का विमोचन किया गया। पार्टी ने अगले पांच वर्षों में शहरों के चहुंमुखी विकास का संकल्प जताया है।

वार्डों को विकास का आधार बनाने का वादा

बीजेपी ने कहा कि प्रत्येक निकाय में वार्ड को विकास का आधार मानते हुए शहरों के समग्र विकास पर फोकस किया जाएगा। प्रभावित निकायों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने के साथ घरेलू उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली सप्लाई उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने का वादा किया गया है।

पार्टी ने शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और निकायों के विकास को गति देने का संकल्प जताया है।

CM भजनलाल बोले- घोषणा पत्र घोषणा करने का, संकल्प पत्र काम करने का

संकल्प पत्र जारी करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि बीजेपी ने इसे ‘नगरीय विकास संकल्प पत्र’ नाम दिया है, क्योंकि घोषणा पत्र घोषणा करने के लिए होता है, जबकि संकल्प पत्र काम करने के लिए होता है।

सीएम ने कहा कि शहरों का विकास किस तरह किया जाए, इसे लेकर सरकार अगले पांच वर्षों का संकल्प राजस्थान की जनता के सामने लेकर आई है।

‘वन स्टेट वन इलेक्शन’ को लेकर कांग्रेस पर निशाना

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘वन स्टेट वन इलेक्शन’ को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने विधानसभा में कहा था कि राजस्थान में ‘वन स्टेट वन इलेक्शन’ कराया जाएगा, तब कांग्रेस के एक बड़े नेता ने कहा था कि यह काम उनके ‘काका जी’ भी नहीं करा सकते।

सीएम ने कहा कि अब वह खुद देख लें कि ‘वन स्टेट वन इलेक्शन’ कौन से ‘काका जी’ करवा रहे हैं।

मदन राठौड़ बोले- हम जो कहते हैं, वह करते हैं

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गारंटी पर जनता विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने शहरी निकाय चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया है और बीजेपी जो कहती है, उसे पूरा करने का प्रयास करती है।

मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी इस संकल्प पत्र को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।