13 साल की नौकरी में करोड़ों की संपत्ति, दरोगा के ठिकानों पर EOU की छापेमारी
बिहार में परिवहन विभाग के SI अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज हुआ है। EOU की छापेमारी में जमीन, फ्लैट, नकदी और निवेश के दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है।
बिहार के परिवहन विभाग में तैनात प्रवर्तन अवर निरीक्षक (SI) अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) के अनुसार, जांच में उनकी वैध आय की तुलना में करीब 1.49 करोड़ रुपये की अधिक संपत्ति का पता चला है। EOU ने बुधवार को पटना और भोजपुर के आरा स्थित उनके ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।
13 साल की नौकरी में आय से अधिक संपत्ति का आरोप
EOU के मुताबिक अमित कुमार गुप्ता की नियुक्ति वर्ष 2013 में परिवहन विभाग में प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पद पर हुई थी। उनकी पहली तैनाती पूर्णिया के दालकोला चेक पोस्ट पर हुई थी। इसके बाद उन्होंने मुजफ्फरपुर, छपरा, अररिया और पटना समेत कई स्थानों पर काम किया।
जांच एजेंसी का कहना है कि अब तक की जांच में करीब 1,49,58,500 रुपये की आय से अधिक संपत्ति से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। यह राशि उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 148 फीसदी अधिक बताई गई है।
घर से नकदी और जमीन के दस्तावेज बरामद
EOU की टीम ने भोजपुर के अवधपुरी इलाके में स्थित उनके निजी आवास की तलाशी ली। यहां से करीब 3 लाख रुपये नकद मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा एक इलेक्ट्रिक कार भी बरामद की गई।
तलाशी के दौरान आरा, पटना और छपरा में जमीन से जुड़े दस्तावेज भी मिले। EOU के अनुसार, करीब 11 भूखंडों से संबंधित कागजात मिले हैं, जिनमें कुछ संपत्तियां अधिकारी और उनके परिजनों के नाम पर होने की जानकारी है।
आरा में मकान और पटना में फ्लैट
जांच में अवधपुरी में बने G+3 मकान के अलावा आरा में करीब 5.1 डिसमिल जमीन पर निर्माणाधीन मकान और पटना की साई वरदान सिटी में एक फ्लैट की जानकारी सामने आई है।
EOU को नोएडा की इम्पेरिया इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड और नई दिल्ली की ऐरविल बिजनेस पार्क प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े फ्लैट और जमीन में निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं।
15 बैंक खातों और लॉकर की भी जांच
तलाशी के दौरान अलग-अलग बैंकों के करीब 15 खातों से संबंधित पासबुक और चेकबुक की प्रतियां मिलने की बात EOU ने कही है। एजेंसी के अनुसार, कुछ खातों में मौजूद रकम को फ्रीज कराया गया है।
इसके अलावा एक बैंक लॉकर का भी पता चला है। EOU की ओर से उसकी तलाशी की प्रक्रिया आगे की जांच में की जानी है।
शेयर और म्यूचुअल फंड में निवेश के दस्तावेज
जांच एजेंसी के मुताबिक अमित कुमार गुप्ता के शेयर और म्यूचुअल फंड में 30 लाख रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) से संबंधित सात दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनमें करीब 10 लाख रुपये से अधिक के निवेश की जानकारी होने की बात कही गई है।
तलाशी के दौरान आभूषणों की खरीद से जुड़ी रसीदें भी मिली हैं। EOU बच्चों की शिक्षा पर किए गए खर्च से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
संपत्तियों और निवेश की जांच जारी
EOU अब तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों, बैंक खातों, संपत्तियों और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड का सत्यापन कर रही है। जांच एजेंसी के मुताबिक कार्रवाई आगे बढ़ने के साथ संपत्ति और निवेश से जुड़े अन्य विवरण भी सामने आ सकते हैं। मामले में अंतिम स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

