Bikaner Crime: AC कोच में मां-बेटी के बैग से 1 करोड़ की ज्वेलरी और 8 लाख कैश चोरी
बीकानेर में मदुरई-बीकानेर एक्सप्रेस के AC कोच में सफर कर रही मां-बेटी के बैग से करीब 1 करोड़ रुपए की ज्वेलरी और 8 लाख रुपए कैश चोरी होने का मामला सामने आया है। नोखा पहुंचने के बाद चोरी का पता चला, जिसके बाद बीकानेर जीआरपी ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की।
Bikaner Crime: मदुरई-बीकानेर एक्सप्रेस के AC कोच में सफर कर रही मां-बेटी के बैग से करीब 1 करोड़ रुपए की ज्वेलरी और 8 लाख रुपए कैश चोरी होने का मामला सामने आया है। दोनों नागपुर में एक परिचित के सगाई समारोह में शामिल होकर वापस लौट रही थीं। घटना 12 सितंबर की बताई जा रही है। नोखा पहुंचकर घर में सामान की जांच करने पर चोरी का पता चला।
मामले में 14 सितंबर को बीकानेर जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस अब ट्रेन में हुई चोरी की जांच कर रही है।
B-1 कोच में सीट के नीचे रखा था सामान
जीआरपी थानाधिकारी नेहा राजपुरोहित के मुताबिक, देसलसर निवासी विक्रम राजपुरोहित ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका परिवार महाराष्ट्र के अमरावती जिले के वरूड़ में मिठाई का कारोबार करता है।
रिपोर्ट के अनुसार, 11 सितंबर को मां मांगीदेवी और बेटी डिंपल राजपुरोहित नागपुर से नोखा आने के लिए ट्रेन में सवार हुई थीं। दोनों की सीट B-1 कोच में 25 और 28 नंबर थी।
मां-बेटी के पास दो ट्रॉली बैग समेत करीब 3-4 अन्य बैग थे। उन्होंने अपना सामान सीट के नीचे रख दिया था।
नोखा पहुंचने के बाद घर में चला पता
12 सितंबर को ट्रेन के नोखा पहुंचने पर परिजन स्टेशन पहुंचे और मां-बेटी को लेकर सामान के साथ गांव चले गए। घर पहुंचने के बाद जब सामान की जांच की गई तो बैग से ज्वेलरी और नकदी गायब मिली।
परिजनों के मुताबिक, चोरी हुए सामान में करीब 1 करोड़ रुपए की ज्वेलरी और 8 लाख रुपए कैश शामिल है।
जीआरपी ने दर्ज किया मामला
चोरी की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद बीकानेर जीआरपी ने 14 सितंबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ट्रेन में मां-बेटी के सफर के दौरान सामान की स्थिति, संभावित संदिग्धों और चोरी के समय से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

