Bikaner News: कांग्रेस ने पूर्व पार्षद दीपक-मोहित अरोड़ा को 6 साल के लिए किया निष्कासित, मारपीट मामले में कार्रवाई

बीकानेर में कांग्रेस प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल से कथित मारपीट के मामले में पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को 6 साल के लिए पार्टी से निलंबित किया गया है। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशिकला राठौड़ की भूमिका की भी जांच होगी।

Bikaner News: कांग्रेस ने पूर्व पार्षद दीपक-मोहित अरोड़ा को 6 साल के लिए किया निष्कासित, मारपीट मामले में कार्रवाई

नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड-50 में कांग्रेस प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में कांग्रेस ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है।

मदन गोपाल मेघवाल ने की थी शिकायत

बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को शिकायत भेजी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वार्ड-50 में कांग्रेस प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान दीपक अरोड़ा, मोहित अरोड़ा और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया।

मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसे गंभीरता से लिया और संगठन स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।

PCC चीफ के निर्देश पर एक्शन

मामले में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर कार्रवाई की गई। संगठन महासचिव ललित तूनवाल ने 2 सितंबर को आदेश जारी करते हुए दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निलंबित कर दिया।

कांग्रेस की इस कार्रवाई को नगर निगम चुनाव के बीच पार्टी अनुशासन को लेकर सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष की भूमिका की होगी जांच

इस मामले में महिला कांग्रेस की बीकानेर शहर जिलाध्यक्ष शशिकला राठौड़ की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह को पत्र भेजकर मामले में शशिकला राठौड़ की भूमिका की जांच करने के निर्देश दिए हैं।

अब जांच के बाद उनकी भूमिका को लेकर पार्टी की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर रहेगी।