बहन से मिलने निकला चाचा दो भतीजों समेत लौटा नहीं, अगली सुबह खेत में मिले तीनों के शव, धौलपुर में रहस्य बनी मौत
धौलपुर के सिकरौदा गांव में खेत पर चाचा और दो भतीजों के शव मिले। बहन से मिलने निकले थे तीनों। पुलिस और एफएसएल जांच में जुटी, मौत का कारण अभी अज्ञात।
धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कंचनपुर थाना क्षेत्र के सिकरौदा गांव के पास खेतों में एक चाचा और उसके दो भतीजे मृत पाए गए। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पुलिस और एफएसएल की टीम भी पहुंची। फिलहाल मौत की वजह सामने नहीं आई है।
घर से निकले, फिर नहीं लौटे
परिजनों के अनुसार विष्णु अपने दो भतीजों को साथ लेकर बसेड़ी क्षेत्र के आकपुरा गांव से निकला था। वह बच्चों के साथ अपनी बहन से मिलने गया था। जब काफी देर तक तीनों घर नहीं पहुंचे तो घरवालों की चिंता बढ़ी और उन्होंने तलाश शुरू की।
बहन के घर से मिली अहम जानकारी
परिवार ने बहन के यहां फोन कर पूछा तो पता चला कि विष्णु वहां से पहले ही रवाना हो चुका था। इसके बाद परिजन तीनों को खोजने में जुट गए और इसी बीच खेतों में शव पड़े होने की सूचना मिली।
मौके पर पहुंचे पुलिस अफसर
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ मनोहर लाल मीणा, कंचनपुर थानाधिकारी और एएसआई फतेह सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास की परिस्थितियों से जुड़े तथ्य जुटाए।
मौत का कारण अभी साफ नहीं
पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, लेकिन तीनों की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही कारणों का खुलासा हो सकेगा। अधिकारी परिजनों से भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रहे हैं।

