Banswara Election: बांसवाड़ा में चुनाव प्रचार आज शाम 6 बजे थमेगा, 9 सितंबर को होगा मतदान
बांसवाड़ा नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए सोमवार शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। बांसवाड़ा के 60 वार्डों में 9 सितंबर और कुशलगढ़ व परतापुर-गढ़ी में 11 सितंबर को मतदान होगा, जबकि तीनों निकायों की मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी।
बांसवाड़ा नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए चुनाव प्रचार सोमवार शाम 6 बजे थम जाएगा। मतदान के निर्धारित समय से 48 घंटे पहले प्रचार समाप्त करने के नियम के तहत शाम 6 बजे के बाद प्रत्याशी लाउडस्पीकर, रैली, सभा और रोड शो नहीं कर सकेंगे। हालांकि, प्रत्याशी व्यक्तिगत जनसंपर्क और डोर-टू-डोर प्रचार कर सकेंगे।
बांसवाड़ा नगर निकाय के 60 वार्डों में 9 सितंबर को मतदान होगा, जबकि कुशलगढ़ और परतापुर-गढ़ी के वार्डों में 11 सितंबर को दूसरे चरण में वोट डाले जाएंगे। तीनों निकायों के चुनाव की मतगणना 14 सितंबर को होगी।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मतदान को लेकर निर्वाचन कार्यालय ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सशस्त्र पुलिस दल की तैनाती के साथ CCTV कैमरों से लगातार निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।
प्रशासन का फोकस शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने पर है।
प्रत्याशियों ने झोंकी पूरी ताकत
मतदान में कुछ ही दिन शेष रहने के कारण प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे हैं। प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ जनसंपर्क किया और वार्ड में विकास कार्यों को लेकर मतदाताओं से समर्थन मांगा।
रविवार को अवकाश होने के कारण चुनाव कार्यालयों और प्रचार गतिविधियों में भी काफी हलचल देखने को मिली।
मंगलवार को रवाना होंगे मतदान दल
बांसवाड़ा नगर निकाय के 60 वार्डों में मतदान के लिए मतदान दल मंगलवार सुबह 9 बजे हरिदेव जोशी रंगमंच से रवाना होंगे। वहीं, परतापुर-गढ़ी और कुशलगढ़ के लिए मतदान दल 10 सितंबर को रवाना किए जाएंगे।
मतदान दलों को रवाना होने से पहले हरिदेव जोशी रंगमंच हॉल में अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ही मतदान सामग्री वितरित की जाएगी।
इसके लिए 8 काउंटर बनाए जा रहे हैं। मतदान दल अपने आवंटित वार्ड और बूथ संख्या के आधार पर संबंधित काउंटर से चुनाव सामग्री प्राप्त करेंगे।
मतदान के बाद अलग-अलग जगह जमा होगी सामग्री
मतदान समाप्त होने के बाद बांसवाड़ा नगर परिषद के मतदान दल चुनाव सामग्री जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में जमा करेंगे।
वहीं, परतापुर-गढ़ी के मतदान कार्मिक चुनाव सामग्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, परतापुर में जमा करेंगे। कुशलगढ़ के मतदान दलों की चुनाव सामग्री तहसील कार्यालय परिसर में जमा की जाएगी।

