बालोतरा की HPCL रिफाइनरी में फिर लगी आग, CDU यूनिट में ऑयल रिसाव के बाद भड़की लपटें
बालोतरा की HPCL रिफाइनरी में शुक्रवार शाम CDU यूनिट में ऑयल रिसाव के बाद आग लग गई। फायर सिस्टम सक्रिय होने के बाद करीब 15 मिनट में आग पर काबू पाया गया।
राजस्थान के बालोतरा जिले में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) की रिफाइनरी में शुक्रवार शाम एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि करीब शाम 6 बजे क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) में ऑयल रिसाव के बाद अचानक चिंगारी निकली और आग भड़क गई।
फायर सिस्टम एक्टिव होते ही मचा हड़कंप
आग लगते ही रिफाइनरी का फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय हो गया और सायरन बजने लगे। यूनिट से धुआं उठता देख मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
शुरुआती जानकारी में बड़े नुकसान की बात नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। रिफाइनरी प्रबंधन की ओर से घटना से जुड़े नुकसान और उत्पादन पर पड़े प्रभाव को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
उद्घाटन से पहले भी लगी थी आग
बालोतरा की इस रिफाइनरी में पहले भी आग की घटना सामने आ चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, 20 अप्रैल को रिफाइनरी में आग लगी थी। इसके कारण 21 अप्रैल को प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम टालना पड़ा था।
बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 जुलाई को रिफाइनरी का उद्घाटन किया था। इसके बाद एक बार फिर आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की जांच
आग पर समय रहते काबू पाने के बाद रिफाइनरी में सुरक्षा व्यवस्था और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ऑयल रिसाव किस वजह से हुआ और घटना का रिफाइनरी के संचालन पर कितना असर पड़ा।

