प्रिंसिपल के मुंह पर कालिख पुतवाने के मामले में शिक्षिका समेत 3 कर्मचारी सस्पेंड
अजमेर के कड़ैल स्कूल में प्रधानाचार्य के चेहरे पर कालिख पुतवाने के मामले में शिक्षिका रोशन दीप श्रीमाली समेत तीन कर्मचारियों को शिक्षा विभाग ने निलंबित किया है।
अजमेर के कड़ैल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्रा से बैड-टच के आरोपी प्रधानाचार्य के मुंह पर कालिख पुतवाने के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने शिक्षिका रोशन दीप श्रीमाली समेत तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
शिक्षिका समेत तीन कर्मचारियों पर कार्रवाई
शिक्षा विभाग ने डूंगरियाखुर्द गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका रोशन दीप श्रीमाली को निलंबित किया है। इसके अलावा कड़ैल स्कूल के दो प्रयोगशाला सहायकों हिया सोलंकी और रोशन कुमार रोलानिया को भी निलंबित किया गया है।
विभाग के आदेश के मुताबिक निलंबन अवधि के दौरान रोशन दीप श्रीमाली का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सावर कार्यालय रहेगा। हिया सोलंकी का मुख्यालय सीबीईओ समग्र शिक्षा अरांई और रोशन कुमार रोलानिया का मुख्यालय सीबीईओ समग्र शिक्षा केकड़ी निर्धारित किया गया है।
17 अगस्त को हुआ था पूरा घटनाक्रम
मामला 17 अगस्त का बताया जा रहा है। कड़ैल स्कूल के प्रधानाचार्य सुशील रिणवा पर एक छात्रा से बैड-टच के आरोप लगने के बाद स्कूल में ग्रामीणों ने विरोध किया था। इसी दौरान डूंगरियाखुर्द स्कूल की शिक्षिका रोशन दीप श्रीमाली भी कड़ैल स्कूल पहुंचीं।
आरोप है कि इसी दौरान छात्रा से प्रधानाचार्य के चेहरे पर कालिख पुतवाई गई। घटना का वीडियो भी बनाया गया, जिसके बाद मामला और विवादित हो गया।
प्रधानाचार्य की शिकायत पर पुलिस केस भी दर्ज
प्रधानाचार्य सुशील रिणवा की ओर से दिए गए परिवाद में शिक्षिका रोशन दीप श्रीमाली पर छात्रा को कथित रूप से उकसाने और घटना का वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करवाने के आरोप लगाए गए हैं।
परिवाद में भीड़ को उकसाने, सरकारी राशि और संपत्ति से संबंधित अन्य आरोप भी लगाए गए हैं। कड़ैल स्कूल के दोनों प्रयोगशाला सहायकों पर भी इस पूरे घटनाक्रम में सहयोग करने का आरोप लगाया गया है।
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
प्रधानाचार्य की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने रोशन दीप श्रीमाली समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट में राजकार्य में बाधा, अपहरण, मारपीट, लूट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं से जुड़े आरोप बताए गए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, शिक्षा विभाग की ओर से तीनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

