Alwar Crime: दोस्त घर से बुलाकर ले गया, फिर युवक पर जानलेवा हमला; 8-10 लोगों पर आरोप

अलवर के दाऊदपुर में युवक लक्की को घर से बुलाकर ले जाने और कथित रूप से बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की बहन ने मयंक, मोहित, साहिद खान और निक्की सैनी समेत 8-10 युवकों के खिलाफ शिकायत दी है।

Alwar Crime: दोस्त घर से बुलाकर ले गया, फिर युवक पर जानलेवा हमला; 8-10 लोगों पर आरोप

अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र के दाऊदपुर में एक युवक को दोस्त के घर से बुलाकर ले जाने और उसके बाद अपहरण कर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घायल युवक का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित की बहन रवीना ने एनईबी थाने में रिपोर्ट देकर मयंक, मोहित, साहिद खान, निक्की सैनी समेत 8-10 युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आवाज लगाकर घर से बुलाया, फिर पार्क ले गया

रिपोर्ट के अनुसार, 3 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे साहिद खान लक्की के घर पहुंचा और उसे आवाज देकर बाहर बुलाया। इसके बाद वह लक्की को पास के पार्क में ले गया, जहां पहले से एक अन्य युवक मौजूद था।

आरोप है कि पार्क में दोनों युवकों ने लक्की के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाकर दूसरी जगह ले जाया गया।

लोहे की सरिया से सिर पर वार का आरोप

पीड़ित की बहन ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि हमलावरों ने लक्की के सिर पर लोहे की सरिया से वार किया। इससे उसके सिर और आंख के नीचे गंभीर चोट आई। उसके शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान बताए गए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर लक्की को मयंक और मोहित के घर ले गए, जहां पहले से 8-10 युवक मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की।

बचाने पहुंची युवती से भी बदसलूकी का आरोप

घटना के दौरान मोहित के चाचा की बेटी कनक ने लक्की को बचाने का प्रयास किया और आरोपियों से मारपीट रोकने की गुहार लगाई। रिपोर्ट में आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने कनक के साथ भी मारपीट और बदसलूकी की।

इसके बाद कनक ने लक्की की बहन रवीना को फोन कर घटना की जानकारी दी। रवीना मौके पर पहुंची और पुलिस की मदद से घायल लक्की को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।

मोबाइल और नकदी छीनने का भी आरोप

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि हमलावर लक्की का मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये नकद, चांदी की अंगूठी और चांदी की चेन भी छीनकर ले गए।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि और घटना में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।