खाटूश्यामजी मंदिर में VIP दर्शन के नाम पर वसूली, मास्टरमाइंड गिरफ्तार; 7 आरोपी फरार

सीकर के खाटूश्यामजी मंदिर में श्रद्धालुओं से करीब 1000 रुपये लेकर VIP दर्शन करवाने के आरोप में पुलिस ने हंसराज उर्फ टिंकू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के तीन मोबाइल में कई लोगों से रुपए के ट्रांजेक्शन मिले हैं, जबकि 7 नामजद आरोपी फरार हैं।

खाटूश्यामजी मंदिर में VIP दर्शन के नाम पर वसूली, मास्टरमाइंड गिरफ्तार; 7 आरोपी फरार

सीकर : खाटूश्यामजी मंदिर में श्रद्धालुओं से पैसे लेकर VIP दर्शन करवाने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी मंदिर में तैनात प्राइवेट सुरक्षा गार्ड की मदद से श्रद्धालुओं से करीब 1000 रुपये लेकर VIP दर्शन करवाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनमें कई लोगों की ओर से रुपए भेजे जाने के ट्रांजेक्शन मिले हैं।

मंदिर के पास से पकड़ा गया आरोपी

सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान हंसराज उर्फ टिंकू (26) पुत्र किशनाराम धानका, निवासी लाडपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शुक्रवार को खाटूश्यामजी मंदिर के पास से पकड़ा।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक श्रद्धालुओं से पैसे लेकर उन्हें VIP दर्शन करवा रहा है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हंसराज को गिरफ्तार किया।

तीन मोबाइल में मिले रुपए के ट्रांजेक्शन

पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जांच के दौरान मोबाइल में बड़ी संख्या में लोगों की ओर से रुपए भेजे जाने के ट्रांजेक्शन मिले हैं। पुलिस अब इन ट्रांजेक्शन और मोबाइल में मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

एसपी के अनुसार, शुरुआती जांच में ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि आरोपी मंदिर कमेटी में तैनात प्राइवेट सुरक्षा गार्ड के साथ मिलकर श्रद्धालुओं को पैसे लेकर VIP दर्शन करवाता था।

7 नामजद आरोपी फरार

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में गिरोह से जुड़े 7 नामजद आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मंदिर में तैनात कोई अन्य प्राइवेट सुरक्षा गार्ड इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं।

VIP दर्शन के नाम पर शिकायतें मिली थीं

एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि खाटूश्यामजी में VIP दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से पैसे वसूलने और ठगी की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। इन शिकायतों के बाद पुलिस लगातार ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।