भारतीय पहचान की आड़ में पाकिस्तान का डिजिटल खेल! फर्जी अकाउंट से सेना, सरकार और सांप्रदायिक सौहार्द को निशाना बनाने का आरोप
सुरक्षा एजेंसियों की जांच में कथित पाकिस्तान डिजिटल दुष्प्रचार अभियान का खुलासा हुआ है। भारतीय नामों से फर्जी अकाउंट बनाकर Deepfake Video और भ्रामक खबरें फैलाने के आरोप हैं।
भारत के खिलाफ पाकिस्तान की ओर से चलाए जा रहे कथित डिजिटल दुष्प्रचार अभियान को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। जांच के मुताबिक, भारतीय नामों और स्थानीय पहचान का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाए जा रहे हैं। इन अकाउंट्स के जरिए फर्जी खबरें, पुराने वीडियो और AI से तैयार किए गए डीपफेक कंटेंट को असली बताकर प्रसारित किया जा रहा है।
खुफिया एजेंसियों के अनुसार, इस अभियान का मकसद भारत में भ्रम की स्थिति पैदा करना, सांप्रदायिक तनाव बढ़ाना और सेना सहित सरकारी संस्थाओं की छवि को नुकसान पहुंचाना है। इसके लिए जम्मू-कश्मीर, पंजाब, मणिपुर और देश के अलग-अलग हिस्सों में होने वाली घटनाओं को दुष्प्रचार का आधार बनाया जा रहा है।
पुराने वीडियो को नया बताकर फैलाया जा रहा भ्रम
जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क की ओर से पुरानी घटनाओं के वीडियो और तस्वीरों को नए घटनाक्रम के रूप में पेश किया जाता है। मध्य प्रदेश, झारखंड और पंजाब-हरियाणा सीमा से जुड़े 2022 और 2024 के पुराने वीडियो को नवंबर 2026 में दोबारा प्रसारित किए जाने के मामले सामने आए हैं।
इतना ही नहीं, इन वीडियो के साथ गलत तारीखें और भ्रामक दावे जोड़कर सोशल मीडिया पर फैलाए जाते हैं। AI तकनीक से तैयार वीडियो और बदली हुई ऑडियो भी इस अभियान का हिस्सा बताए जा रहे हैं।
भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर डीपफेक
इस कथित डिजिटल अभियान का एक बड़ा निशाना भारतीय सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी हैं। जांच के मुताबिक, 17 नवंबर को @annu2030 और @RedDeFactoIND जैसे अकाउंट्स से चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान का फर्जी AI वीडियो साझा किया गया था।
वीडियो में उनके नाम से पाकिस्तान की सेना को भारत से बेहतर बताने वाला बयान दिखाया गया। इस वीडियो को 45 हजार से अधिक बार देखा गया। बाद में सेना की फैक्ट चेक यूनिट ने इसे फर्जी करार दिया।
इसी तरह 22 अक्टूबर को NSA अजीत डोभाल का डीपफेक वीडियो प्रसारित किया गया। इसमें उनके 2019 के पुराने भाषण को एडिट करके आपत्तिजनक बयान जोड़ दिए गए थे। इस वीडियो को करीब 3.89 लाख बार देखा गया। PIB फैक्ट चेक ने भी दावे को गलत बताया।
सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ और अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को लेकर भी अक्टूबर में कई भ्रामक पोस्ट प्रसारित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर फर्जी खबरों का सहारा
खुफिया एजेंसियों की जांच में सबसे गंभीर चिंता सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने की कोशिशों को लेकर जताई गई है। कथित नेटवर्क से जुड़े अकाउंट्स पर अलग-अलग राज्यों में धार्मिक स्थलों और समुदायों को लेकर झूठे दावे फैलाने के आरोप हैं।
10 नवंबर को कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स से दावा किया गया कि गाजियाबाद में पांच मस्जिदें गिरा दी गईं और नमाज पढ़ रहे लोगों पर पुलिस ने गोलीबारी की। वहीं, 15 नवंबर को कोलकाता में नमाज के दौरान पुलिस की गोलीबारी में पांच लोगों की मौत का दावा किया गया।
इसके अलावा 17 नवंबर को पश्चिम बंगाल में RSS के लोगों द्वारा एक चर्च में आग लगाने और पांच ईसाइयों की मौत होने की खबर प्रसारित की गई। जांच के मुताबिक, ये तीनों दावे गलत थे और ऐसी घटनाएं नहीं हुई थीं।
जम्मू-कश्मीर के घटनाक्रम को भी बनाया निशाना
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों के अभियानों और आतंकी घटनाओं को लेकर भी भ्रामक सूचनाएं फैलाने की कोशिश सामने आई है।
11 नवंबर को कुलगाम में CRPF पर हुए हमले में तीन जवान घायल हुए थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ रिटायर्ड सैन्य अधिकारियों के डीपफेक वीडियो प्रसारित किए गए। इनमें इस हमले को 'फॉल्स फ्लैग' ऑपरेशन बताने की कोशिश की गई।
इसके बाद कुछ अकाउंट्स से कथित टीवी चैनल के फर्जी वीडियो के जरिए हमले के पीछे राजनीतिक नेताओं का हाथ होने का दावा किया गया। दो लापता SPO की हत्या को लेकर भी भ्रामक जानकारियां फैलाए जाने की बात जांच में सामने आई है।
भारतीय नामों और पहचान के पीछे छिपे फर्जी अकाउंट
जांच में इस नेटवर्क की एक खास रणनीति सामने आई है। इसके तहत सोशल मीडिया पर ऐसे अकाउंट बनाए जाते हैं, जिनके नाम भारतीय नागरिकों, जातियों, क्षेत्रीय पहचानों और स्थानीय न्यूज पेज जैसे रखे जाते हैं।
'अनुषी तिवारी' नाम से जुड़े अकाउंट नेटवर्क को इसका उदाहरण बताया गया है। इसमें @annu2030, @cutegirlindia21 और @indiantiwari01 जैसे हैंडल शामिल हैं। जांच के अनुसार, ये अकाउंट अलग-अलग संवेदनशील मुद्दों पर एक साथ सक्रिय रहते हैं और भ्रामक पोस्ट प्रसारित करते हैं।
इसी तरह @Clashfire_ नाम के अकाउंट पर कश्मीर से जुड़े मुद्दों के साथ दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर सेना की कार्रवाई को लेकर भी गलत दावा फैलाने का आरोप है।
फर्जी खबरों को विश्वसनीय दिखाने के लिए अपनाया जाता है खास तरीका
जांच में एक और अहम पहलू सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले कुछ अकाउंट्स से फर्जी वीडियो और दावे प्रसारित किए जाते हैं। इसके बाद पाकिस्तान के सरकारी और निजी मीडिया संस्थानों के साथ समाचार एजेंसियों में भी उन्हीं दावों को जगह मिलती है।
इस प्रक्रिया से एक ही झूठी जानकारी कई अलग-अलग स्रोतों से आई हुई दिखाई देने लगती है, जिससे उसकी विश्वसनीयता का भ्रम पैदा होता है।
अकाउंट बंद होने के बाद नए हैंडल से फिर शुरू होता है अभियान
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय एजेंसियां ऐसे संदिग्ध अकाउंट्स के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई करती हैं और कुछ अकाउंट्स को भारत में प्रतिबंधित या विदहेल्ड कराया जाता है। हालांकि, जांच में दावा किया गया है कि पुराने अकाउंट्स पर कार्रवाई के बाद नए हैंडल बनाकर फिर से भ्रामक सामग्री प्रसारित की जाने लगती है।
ऐसे में एजेंसियों का जोर इस तरह के डिजिटल दुष्प्रचार पर लगातार निगरानी रखने और फर्जी वीडियो व खबरों का जल्द फैक्ट चेक करने पर है।
डिजिटल दौर में सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली हर खबर सच नहीं होती। खासकर सेना, राष्ट्रीय सुरक्षा और धार्मिक मुद्दों से जुड़ी संवेदनशील पोस्ट को बिना पुष्टि साझा करना गंभीर भ्रम पैदा कर सकता है। ऐसे में किसी भी वायरल वीडियो या दावे पर भरोसा करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि करना जरूरी है।

