वेनेजुएला में 7.5 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही की आशंका, कई इमारतें ढहीं; राहत-बचाव अभियान तेज
वेनेजुएला में 7.5 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से भारी तबाही मची। राजधानी काराकस समेत कई इलाकों में इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं। सरकार ने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है।
वेनेजुएला में बुधवार को आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार राजधानी काराकस से करीब 160 किलोमीटर पश्चिम में पहले 7.2 और उसके कुछ ही क्षण बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा भूकंप दर्ज किया गया। दोनों झटकों के बाद कई इलाकों में इमारतों और मकानों के ढहने की खबरें सामने आई हैं।
स्थानीय प्रशासन और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजधानी काराकस सहित कई शहरों में लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है और बड़ी संख्या में लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव दल युद्ध स्तर पर अभियान चला रहे हैं।

भूकंप के बाद वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में राष्ट्रीय आपातकाल (इमरजेंसी) की घोषणा कर दी। राष्ट्र के नाम संबोधन में उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटी हुई है।
गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने बताया कि कई इमारतें और घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियों, आपदा राहत बलों और चिकित्सा टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इस बीच अमेरिका ने भी मदद की पेशकश की है। अमेरिकी डिप्टी सेक्रेटरी ऑफ स्टेट क्रिस्टोफर लैंडौ ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन वेनेजुएला के अधिकारियों के संपर्क में है और राहत सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भूकंप के झटके बेहद तेज थे। कई लोगों ने बताया कि घरों के अंदर रखा सामान गिर गया और लोग घबराकर सड़कों पर निकल आए। संयोग से जिस दिन भूकंप आया, उस दिन वेनेजुएला में राष्ट्रीय अवकाश था, जिसके कारण अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद थे।
अधिकारियों ने नागरिकों से क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा नुकसान के वास्तविक आंकड़ों का इंतजार किया जा रहा है।

