बोर्ड परीक्षा की तैयारी का बिगुल बजा, CBSE ने 10वीं-12वीं का टाइम टेबल किया जारी; 16 फरवरी से इम्तिहान
CBSE ने 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं 16 फरवरी से सुबह 10:30 बजे शुरू होंगी। जानें छात्रों की संख्या और डेटशीट की खास बातें।
CBSE बोर्ड के लाखों विद्यार्थियों के लिए परीक्षा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। दोनों कक्षाओं के विद्यार्थियों को 16 फरवरी से परीक्षा देनी होगी। खास बात यह है कि इस बार बोर्ड ने परीक्षा से लगभग 101 दिन पहले ही डेटशीट उपलब्ध करा दी है। इससे विद्यार्थियों को अब यह स्पष्ट हो गया है कि उन्हें अपनी तैयारी किस तरह आगे बढ़ानी है और रिवीजन के लिए कितना समय देना है।
इस साल बोर्ड परीक्षाओं का दायरा भी बड़ा रहने वाला है। कक्षा 10वीं के लिए 83 विषयों की परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 26.5 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं, 12वीं के 121 विषयों के लिए करीब 19.8 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। यानी दोनों कक्षाओं को मिलाकर 46 लाख से अधिक विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा का हिस्सा बनेंगे।
सुबह की पाली में होगी परीक्षा
बोर्ड ने सभी परीक्षाओं का समय सुबह 10:30 बजे निर्धारित किया है। विद्यार्थियों के लिए विषयों के बीच तैयारी का पर्याप्त अवसर रहे, इसका भी ध्यान रखा गया है। कॉमन विषयों के पेपर के बीच उचित अंतर रखने की कोशिश की गई है, ताकि लगातार परीक्षाओं का दबाव कम हो और छात्र अगले पेपर की तैयारी व्यवस्थित तरीके से कर सकें।
प्रवेश परीक्षाओं से पहले पूरा होगा 12वीं का इम्तिहान
12वीं के विद्यार्थियों के लिए बोर्ड ने एक और महत्वपूर्ण पहलू को ध्यान में रखा है। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थी कॉलेज और विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। इसी को देखते हुए परीक्षा कार्यक्रम इस तरह तैयार किया गया है कि बोर्ड परीक्षाएं प्रवेश परीक्षाओं से पहले पूरी हो सकें। इससे विद्यार्थियों को आगे की तैयारी के लिए समय मिल सकेगा।
40 हजार विषय संयोजनों ने बढ़ाई टाइम टेबल बनाने की चुनौती
CBSE के सामने डेटशीट तैयार करना आसान काम नहीं होता, क्योंकि विद्यार्थियों के विषयों के विकल्प अलग-अलग होते हैं। इस बार करीब 40 हजार विषय संयोजनों को ध्यान में रखकर परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया गया है। बोर्ड ने कोशिश की है कि किसी विद्यार्थी के दो विषयों की परीक्षाएं एक ही दिन न पड़ें। इससे अलग-अलग विषय चुनने वाले छात्रों को परीक्षा देने में परेशानी न हो।
अब विद्यार्थियों के सामने तैयारी की असली चुनौती
डेटशीट जारी होने के साथ ही विद्यार्थियों के पास अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने का मौका है। अब वे परीक्षा की तारीखों के हिसाब से विषयवार लक्ष्य तय कर सकते हैं। जिन विषयों में ज्यादा अभ्यास की जरूरत है, उन पर अतिरिक्त समय दिया जा सकता है। मॉडल पेपर हल करने, पुराने प्रश्नपत्रों का अभ्यास करने और नियमित रिवीजन की योजना भी बनाई जा सकती है।
CBSE की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। विद्यार्थियों को विषयवार पेपर की तारीख, परीक्षा केंद्र और अन्य निर्देशों के लिए बोर्ड की आधिकारिक डेटशीट और स्कूल की ओर से जारी सूचना पर नजर रखनी चाहिए।
10वीं क्लास का टाइम टेबल



12वीं क्लास का टाइम टेबल






