जालोर में BJP प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को काले झंडे दिखाने की कोशिश, सभापति समेत 6 रिहा; 4 गिरफ्तार
राजस्थान के जालोर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान संबंधी बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने 10 लोगों को डिटेन किया, जिनमें 4 गिरफ्तार हुए।
राजस्थान के जालोर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान को लेकर दिए गए उनके बयान के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने काले झंडे दिखाने की कोशिश की और नारेबाजी की। इस दौरान मदन राठौड़ के पोस्टर पर कालिख भी पोती गई। पुलिस ने नगर परिषद सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति मुमताज अली सैय्यद और कांग्रेस जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत समेत 10 लोगों को डिटेन किया। करीब दो घंटे बाद 6 लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि 4 लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
मदन राठौड़ के पहुंचते ही शुरू हुआ विरोध
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ रविवार को पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों को लेकर जालोर पहुंचे थे। उन्होंने ग्रेनाइट एसोसिएशन भवन में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और संगठन के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में संगठन की स्थिति, संभावित प्रत्याशियों और आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा हुई। इसके बाद जिला प्रमुख की कुर्सी पर भाजपा का कब्जा बरकरार रखने की रणनीति पर भी मंथन किया गया।
रात करीब 8:30 बजे मदन राठौड़ भाजपा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा के पोलजी नगर स्थित निवास पहुंचे। उनके पहुंचने की जानकारी मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ता वहां जुट गए। उन्होंने राठौड़ के पाकिस्तान संबंधी बयान पर नाराजगी जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया और काले झंडे दिखाने की कोशिश की।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, थाने के बाहर जुटे कांग्रेसी
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर डीएसपी गौतम जैन और कोतवाली थानाधिकारी रामेश्वर भाटी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को डिटेन कर लिया। इसके बाद मदन राठौड़ को मुख्य सड़क के बजाय रतनपुर रोड से पाली रवाना किया गया।
नेताओं को डिटेन किए जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली थाने के बाहर जमा हो गए। उन्होंने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को रिहा करने की मांग की। इस घटनाक्रम के बाद जालोर में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।
सभापति समेत 6 लोगों को छोड़ा, 4 गिरफ्तार
कोतवाली थानाधिकारी रामेश्वर लाल भाटी के अनुसार, नगर परिषद सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति मुमताज अली सैय्यद, कांग्रेस जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत, पार्षद बसंत सुथार, जालमसिंह और दिलीप सुंदेशा को छोड़ दिया गया।
वहीं, पूर्व पार्षद लक्ष्मणसिंह सांखला, पार्षद सुरेश मेघवाल, पार्षद भंवरलाल मेघवाल और अशोक मेघवाल को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
मदन राठौड़ बोले- देशभक्ति मेरे खून में है
विरोध के बीच मदन राठौड़ ने अपने बयान पर सफाई दी। जालोर ग्रेनाइट एसोसिएशन भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया है। उनके मुताबिक, टिप्पणी खेल और खेल भावना को लेकर थी, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने उसका अलग अर्थ निकालकर विवाद खड़ा कर दिया।

