जालोर में चुनावी मुकाबले के बीच दिखी दिलचस्प तस्वीर, कांग्रेस प्रत्याशी ने BJP उम्मीदवार को खिलाया निवाला

जालोर नगर परिषद के वार्ड-21 में चुनावी मुकाबले के बीच कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह सांखला ने भाजपा प्रत्याशी दिलीप सोलंकी को अपने हाथ से निवाला खिलाया। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी हुकमी चंद सोलंकी के हाथ से निवाला खाने से भाजपा प्रत्याशी ने इनकार कर दिया।

जालोर में चुनावी मुकाबले के बीच दिखी दिलचस्प तस्वीर, कांग्रेस प्रत्याशी ने BJP उम्मीदवार को खिलाया निवाला

नगर निकाय चुनाव के मतदान के बीच जालोर से एक दिलचस्प राजनीतिक तस्वीर सामने आई है। यहां वार्ड नंबर 21 के अलग-अलग प्रत्याशी मतदान केंद्र के बाहर एक साथ नाश्ता करते नजर आए। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी **लक्ष्मण सिंह सांखला** ने भाजपा प्रत्याशी **दिलीप सोलंकी** को अपने हाथ से निवाला भी खिलाया।

जानकारी के अनुसार, जालोर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड-21 में कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह सांखला और निर्दलीय प्रत्याशी **हुकमी चंद सोलंकी** मतदान केंद्र के बाहर बैठकर नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी दिलीप सोलंकी भी वहां पहुंच गए।

माहौल उस समय और दिलचस्प हो गया, जब कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह सांखला ने दिलीप सोलंकी को अपने हाथ से निवाला खिलाया। चुनावी मुकाबले के बीच सामने आई यह तस्वीर वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई।

इसके बाद पास बैठे निर्दलीय प्रत्याशी हुकमी चंद सोलंकी ने भी भाजपा प्रत्याशी को निवाला खिलाने की कोशिश की, लेकिन दिलीप सोलंकी ने उनके हाथ से निवाला खाने से इनकार कर दिया।

भाजपा प्रत्याशी दिलीप सोलंकी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हुकमी चंद सोलंकी ने नामांकन वापस लेने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने नामांकन वापस नहीं लिया। इसी वजह से वे उनसे नाराज हैं और उनके हाथ से निवाला नहीं खाएंगे।

मतदान के बीच वार्ड-21 के तीन प्रत्याशियों के बीच हुई यह बातचीत और नाश्ते का यह दृश्य चुनावी माहौल में चर्चा का विषय बना रहा। एक ओर कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी के बीच सौहार्द की तस्वीर देखने को मिली, वहीं निर्दलीय प्रत्याशी को लेकर भाजपा उम्मीदवार की नाराजगी भी खुलकर सामने आ गई।

नगर निकाय चुनाव में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच जालोर की यह तस्वीर सोशल और राजनीतिक हलकों में भी लोगों का ध्यान खींच रही है।