पिकनिक पर गए 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत, दिवेआगर बीच पर हादसा
महाराष्ट्र के रायगड जिले के दिवेआगर समुद्र तट पर पिकनिक के दौरान समुद्र में डूबने से 8 छात्रों की मौत हो गई। सभी छात्र पुणे के आलंदी से पिकनिक पर आए थे।
महाराष्ट्र के रायगड जिले में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। दिवेआगर समुद्र तट पर समुद्र में डूबने से 8 छात्रों की मौत हो गई। सभी छात्र पुणे जिले के आलंदी से एक निजी क्लास की ओर से आयोजित पिकनिक पर दिवेआगर पहुंचे थे।
समुद्र में नहाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार छात्र दिवेआगर बीच पर गए थे। इसी दौरान कुछ छात्र समुद्र में उतर गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक समुद्र की गहराई और लहरों का सही अंदाजा नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया। महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों के साथ स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद पर्यटकों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद की।
कड़ी मशक्कत के बाद समुद्र से सभी आठ छात्रों के शव बाहर निकाले गए।
बोर्ली पंचतन स्वास्थ्य केंद्र लाए गए शव
दिवेआगर रायगड के श्रीवर्धन तालुका का प्रमुख पर्यटन स्थल है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सभी शवों को आगे की कानूनी और चिकित्सकीय प्रक्रिया के लिए बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
हादसे की खबर के बाद छात्रों के परिवारों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। घटना को लेकर आगे की प्रक्रिया संबंधित अधिकारियों की निगरानी में जारी है।
मंत्री नितेश राणे ने जताया दुख
महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृत छात्रों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वह उनके साथ हैं और ईश्वर से दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

