राजस्थान पंचायत चुनाव में मतदान के बीच EVM ने दिया धोखा, कहीं 30 मिनट तो कहीं डेढ़ घंटे तक रुकी वोटिंग
राजस्थान पंचायत चुनाव के चौथे चरण में टोंक, बूंदी, चूरू और जैसलमेर समेत कई जिलों में EVM खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ। कहीं आधे घंटे तो कहीं डेढ़ घंटे तक वोटिंग रुकी।
राजस्थान में पंचायत चुनाव के चौथे चरण के तहत शनिवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। मतदान के शुरुआती घंटों में ही प्रदेश के कई जिलों से ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायतें सामने आईं। कहीं आधे घंटे तो कहीं करीब डेढ़ घंटे तक मतदान प्रक्रिया बाधित रही। इस दौरान मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर इंतजार करना पड़ा। वहीं, बारां जिले के दो गांवों में ग्रामीणों की ओर से मतदान के बहिष्कार की खबर भी सामने आई है।
टोंक और बूंदी में लंबे समय तक रुकी वोटिंग
टोंक जिले की निवाई पंचायत समिति की तुर्किया ग्राम पंचायत के बूथ नंबर 151 और 152 पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते मतदाताओं को मतदान केंद्र के बाहर करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार रामकेश मीणा इंजीनियरों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तकनीकी टीम ने मशीन को ठीक किया, जिसके बाद मतदान दोबारा शुरू हो सका।
इसी तरह बूंदी जिले की लाखेरी पंचायत समिति क्षेत्र की उतरना ग्राम पंचायत के ब्लॉक संख्या 98 में भी ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ। यहां करीब डेढ़ घंटे तक वोटिंग रुकी रही। बाद में दूसरी ईवीएम लगाकर मतदान प्रक्रिया फिर से शुरू करवाई गई।
चूरू और जैसलमेर में भी आई तकनीकी दिक्कत
चूरू जिले के सुजानगढ़ क्षेत्र की खारिया कानीराम ग्राम पंचायत में मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद ही ईवीएम में खराबी आ गई। उस समय तक केवल तीन मतदाता ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर पाए थे।
वहीं, जैसलमेर जिले में भी मतदान के दौरान खींवसर, पारेवर, मेघूबा, भू और रिदवा सहित कई स्थानों से ईवीएम में तकनीकी खराबी की सूचनाएं सामने आईं। प्रशासन की ओर से मशीनों को दुरुस्त करवाने के बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर प्रक्रिया दोबारा शुरू करवाई गई।
1.05 करोड़ से ज्यादा मतदाता तय करेंगे 8843 प्रत्याशियों का भविष्य
पंचायत चुनाव के चौथे चरण में 1.05 करोड़ से अधिक मतदाता 8843 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। इस चरण में 25 जिला परिषदों के 382 और 116 पंचायत समितियों के 2142 सदस्यों के लिए मतदान हो रहा है।
इसी चुनावी चरण में 16 नवंबर को 3747 ग्राम पंचायतों के सरपंचों और 33,885 वार्ड पंचों के लिए मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद मतगणना होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाने हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग इस बार पंचायत चुनाव चार चरणों में करा रहा है। चौथे चरण की चुनावी प्रक्रिया 14 से 17 नवंबर तक चलेगी। अंतिम दिन यानी 17 नवंबर को 3747 ग्राम पंचायतों के उपसरपंचों का चुनाव होगा। वहीं, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम 20 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
कई नेताओं के परिवार के सदस्य भी चुनाव मैदान में
चौथे चरण के चुनाव में कई राजनीतिक नेताओं के बेटे, बेटियां, बहू और रिश्तेदार भी उम्मीदवार हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और उनकी बहू चूरू से जिला परिषद का चुनाव लड़ रहे हैं।
श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा प्रत्याशी और मतदाता
चौथे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के पदों के लिए श्रीगंगानगर जिले में सबसे ज्यादा उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यहां 8.67 लाख मतदाता हैं और जिला परिषद के 30 वार्डों में चुनाव हो रहे हैं। इन वार्डों में कुल 101 प्रत्याशी मैदान में हैं।
पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए भी श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा 553 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। यहां 164 पंचायत समिति वार्डों में मतदान कराया जा रहा है।
चार जिला प्रमुख और 30 प्रधानों के चुनाव बाद में होंगे
बारां, करौली, कोटा और श्रीगंगानगर की चार जिला परिषदों के प्रमुख और उपप्रमुख के चुनाव बाद में कराए जाएंगे। इसके अलावा इन जिलों की 30 पंचायत समितियों के प्रधान और उपप्रधान का चुनाव भी बाद में होगा।
इन संस्थाओं का कार्यकाल दिसंबर में पूरा होने वाला है। ऐसे में राज्य निर्वाचन आयोग इनके चुनाव के लिए अलग से कार्यक्रम घोषित करेगा।

