Rajasthan Nikay Chunav: पूर्व पार्षद के घर में घुसकर पथराव, कैलाश शर्मा घायल; चुनावी रंजिश का आरोप
भीलवाड़ा के कीर्तिनगर में पूर्व पार्षद कैलाश शर्मा के घर पर पथराव और हमले का मामला सामने आया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है।
भीलवाड़ा के कीर्तिनगर में शनिवार देर रात पूर्व पार्षद कैलाश शर्मा के घर पर हमला हुआ। पथराव में वे घायल हो गए। घटना के बाद समर्थकों ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
घर में घुसकर पूर्व पार्षद पर किया हमला
भीलवाड़ा में निकाय चुनाव के बाद कथित राजनीतिक रंजिश से जुड़ा मामला सामने आया है। शास्त्रीनगर क्षेत्र के कीर्तिनगर में शनिवार देर रात कुछ लोगों ने पूर्व पार्षद कैलाश शर्मा के घर पर पथराव कर दिया।
बताया गया कि घटना के समय कैलाश शर्मा घर के परिसर में मौजूद थे। पथराव में उन्हें चोटें आईं और परिजन व आसपास के लोग उन्हें इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल (MGH) लेकर पहुंचे।
हमलावर मौके से फरार
परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, हमले के दौरान अचानक पथराव शुरू हुआ। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो हमलावर वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पत्नी ने निर्दलीय लड़ा था चुनाव
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले को हालिया नगर निकाय चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। कैलाश शर्मा की पत्नी आशा देवी ने वार्ड 43 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था।
परिजनों का आरोप है कि चुनाव के दौरान विरोधी पक्ष के साथ विवाद और तनाव की स्थिति बनी थी। उनका दावा है कि इसी चुनावी रंजिश के चलते कैलाश शर्मा को निशाना बनाया गया। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
आधी रात को समर्थकों ने थाने का किया घेराव
हमले की जानकारी फैलने के बाद कैलाश शर्मा के परिजन और समर्थक बड़ी संख्या में कोतवाली थाने पहुंच गए। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर विरोध जताया।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही, जिसके बाद देर रात स्थिति शांत हुई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटा रही है, ताकि हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
पुलिस के अनुसार, संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
कैलाश शर्मा का अस्पताल में इलाज जारी
हमले में घायल कैलाश शर्मा का महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चुनावी रंजिश के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

