चलती एक्सप्रेस ट्रेन के कोच में उठने लगा धुआं, सवाई माधोपुर स्टेशन पर मचा हड़कंप; फिर ऐसे टला हादसा
सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर नई दिल्ली-डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस के पावर कार में धुआं और चिंगारी उठने से हड़कंप मच गया। रेलवे कर्मचारियों ने प्रभावित कोच अलग कर ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया।
राजस्थान के सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को नई दिल्ली-डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस के जनरेटर सह लगेज कोच में धुआं और चिंगारी दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग लगने की आशंका पर काबू पाया और प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, घटना में किसी यात्री को नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
सुबह 4:26 बजे दिखाई दिया धुआं और चिंगारी
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 20156 सुबह 4:16 बजे सवाई माधोपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची थी। सुबह 4:26 बजे प्रस्थान सिग्नल मिलने के बाद ट्रेन के पिछले हिस्से में स्थित पावर कार में कर्मचारियों को धुआं और चिंगारी दिखाई दी।
इस दौरान कोच में लगा फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम (एफएसडीएस) सक्रिय हो गया। कर्मचारियों ने तुरंत ट्रेन मैनेजर को सूचना दी और अग्निशामक यंत्रों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया।
9 मिनट के भीतर अलग किया गया प्रभावित कोच
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने सुबह 4:35 बजे प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया। कोच में रखा सामान सुरक्षित तरीके से सवाई माधोपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर उतारा गया। इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और आगे की व्यवस्था सुनिश्चित की।
वैकल्पिक बिजली व्यवस्था से रवाना हुई ट्रेन
प्रभावित पावर कार को अलग करने के बाद ट्रेन में बिजली आपूर्ति के लिए हेड-ऑन जनरेशन (एचओजी) प्रणाली के जरिए लोकोमोटिव से वैकल्पिक व्यवस्था की गई। इसके बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
घटना की जांच के आदेश
घटना की असली वजह का पता लगाने के लिए कोटा मंडल के वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी ने संबंधित विभागों की संयुक्त जांच के आदेश दिए हैं। जांच में धुआं और चिंगारी उठने के कारणों का पता लगाया जाएगा।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, कर्मचारियों की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से स्थिति को संभाल लिया गया। घटना में सभी यात्री और उनका सामान सुरक्षित रहे।

