Jaisalmer News: रामदेवरा में 742वें भादवा मेले का आगाज, बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए खास इंतजाम
जैसलमेर के रामदेवरा में लोकदेवता बाबा रामदेवजी का 742वां भादवा मेला शुरू हो गया है। देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, बिजली, सफाई और चिकित्सा सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए हैं।
रामदेवरा में लोकदेवता बाबा रामदेवजी का 742वां भादवा मेला शुरू हो गया है। मेले के आगाज के साथ ही देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामदेवरा पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के साथ-साथ पार्किंग, पेयजल, बिजली, सफाई और चिकित्सा सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
तड़के 3 बजे अभिषेक के साथ शुरू हुआ मेला
बाबा रामदेवजी की समाधि पर तड़के करीब 3 बजे अभिषेक के साथ मेले की शुरुआत हुई। सुबह भोग आरती के बाद समाधि पर स्वर्ण मुकुट प्रतिष्ठित किया गया। मेला शुरू होते ही मुख्य बाजार और मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। कई जगह स्थिति ऐसी रही कि लोगों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिली।
हालांकि भीड़ बढ़ने के साथ कुछ स्थानों पर कतार व्यवस्था प्रभावित हुई। दर्शन के लिए बनाई गई लाइन में कुछ श्रद्धालु आगे निकलने की कोशिश करते नजर आए, जिससे कतार की गति धीमी हुई और पीछे खड़े लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
मेला क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों की अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी लगाई गई है। कतारों की निगरानी के साथ सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
पार्किंग से लेकर पेयजल तक विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। बड़े वाहन, छोटे वाहन और दुपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थलों पर यात्रियों के लिए टेंट और ठंडे पानी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
मेला क्षेत्र में अस्थायी और चल शौचालय लगाए गए हैं। बिजली व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए नए ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं, जबकि एक ट्रांसफॉर्मर को आपात स्थिति के लिए रिजर्व रखा गया है। रामसरोवर पर मास्क लाइट की व्यवस्था भी की गई है।
सात जोन में बांटा गया मेला क्षेत्र
सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को सात जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में सफाईकर्मियों की टीम तैनात की गई है, जो मेले के दौरान लगातार सफाई व्यवस्था संभालेगी। प्रशासन का प्रयास है कि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और मेला क्षेत्र में व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।

