फिलिपिंस प्लेन क्रैश : हवा में टकराए 2 ट्रेनिंग विमान, 4 पायलटों की मौत
फिलीपींस में दो SF-260 ट्रेनिंग विमानों की हवा में टक्कर से चार पायलटों की मौत हो गई। हादसे के बाद वायुसेना ने जांच पूरी होने तक विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है।
फिलीपींस में शुक्रवार को वायुसेना के दो ट्रेनिंग विमान हवा में आपस में टकरा गए। हादसे में दोनों विमानों में सवार चारों पायलटों की मौत हो गई। दुर्घटना स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 3:51 बजे मनीला के दक्षिण में स्थित लीपा शहर के फर्नांडो एयर बेस के पास हुई। जानकारी के अनुसार, दोनों SF-260 ट्रेनिंग विमान कम ऊंचाई पर उड़ान भर रहे थे। इसी दौरान उनकी आपस में टक्कर हो गई। दुर्घटनाग्रस्त एक विमान के टुकड़े सैन्यकर्मियों के बैरक के पास गिरे।
जांच पूरी होने तक SF-260 विमानों की उड़ान बंद
हादसे के बाद फिलीपीन वायुसेना ने SF-260 विमानों के उड़ान संचालन पर अस्थायी रोक लगा दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक इन विमानों को उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इटली से खरीदे गए थे 18 ट्रेनिंग विमान
SF-260 इटली में निर्मित ट्रेनिंग विमान हैं। फिलीपींस ने वर्ष 2010-11 के दौरान ऐसे 18 विमान खरीदे थे। इनका इस्तेमाल वायुसेना के पायलटों को उड़ान प्रशिक्षण देने के लिए किया जाता है। फिलीपींस अपनी सैन्य क्षमताओं को आधुनिक बनाने पर काम कर रहा है। हालांकि, बजट की कमी और परियोजनाओं में देरी इस प्रक्रिया की प्रमुख चुनौतियां रही हैं।

पहले भी हो चुके हैं SF-260 विमान हादसे
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इसी साल मई में उत्तरी फिलीपींस के पहाड़ी क्षेत्र में एक SF-260 ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें दो पायलटों की मौत हुई थी। इससे पहले वर्ष 2023 में भी प्रशिक्षण उड़ान के दौरान SF-260 विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से दो पायलटों की जान गई थी। ताजा हादसे के बाद वायुसेना ने विमानों की उड़ान रोककर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की है।

