बाड़मेर में नशा तस्कर पर बड़ी कार्रवाई, 3.37 करोड़ की संपत्ति फ्रीज; मकान से लेकर शराब की दुकान तक शामिल

बाड़मेर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर कौशलाराम और उसके परिजनों की 3.37 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज करवाई है। कार्रवाई में मकान, चार वाहन, कृषि भूमि, खनन पट्टा और शराब की दुकान शामिल हैं।

बाड़मेर में नशा तस्कर पर बड़ी कार्रवाई, 3.37 करोड़ की संपत्ति फ्रीज; मकान से लेकर शराब की दुकान तक शामिल

राजस्थान के बाड़मेर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोपी हिस्ट्रीशीटर कौशलाराम के खिलाफ पुलिस ने बड़ी आर्थिक कार्रवाई की है। एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस ने कौशलाराम और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित कुल 3 करोड़ 36 लाख 79 हजार 665 रुपये की संपत्ति फ्रीज करवाई है। सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली ने सुनवाई के बाद इस कार्रवाई की पुष्टि कर दी है।

फ्रीज की गई संपत्तियों में मकान, वाहन, कृषि भूमि, तीन मंजिला भवन, खनन पट्टा और शराब की दुकान शामिल हैं। मंगलवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने भोजासर स्थित कौशलाराम के दोनों मकानों पर संपत्ति फ्रीज होने की सूचना वाले बोर्ड भी लगाए।

17 मामले दर्ज, 7 प्रकरण एनडीपीएस एक्ट के

पुलिस के अनुसार, कौशलाराम बायतु थाना क्षेत्र के सऊओं की ढाणी, भोजासर का निवासी है। उसे हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी बताया गया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 17 मामले दर्ज हैं।

इनमें मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के सात मामले शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इन मामलों में करीब 4,465 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया है। सिवाना थाने में दर्ज एक मामले में तीन वाहनों से 1,249.800 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ था। इसके अलावा सिरियारी, निम्बाहेड़ा सदर, छोटी सादड़ी, सुमेरपुर और गिड़ा थानों में भी उसके खिलाफ तस्करी के मामले दर्ज हैं।

जांच में तस्करी की कमाई से संपत्ति खरीदने का दावा

पुलिस ने कौशलाराम और उसके परिजनों की संपत्तियों का वित्तीय अनुसंधान किया। पुलिस के मुताबिक, जांच में परिवार की ओर से संपत्तियां खरीदने के लिए पर्याप्त वैध आय का स्रोत सामने नहीं आया। जांच में इन संपत्तियों को मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से खरीदा जाना पाया गया।

इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत 9 अक्टूबर 2026 को संपत्ति फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया। पुष्टि के लिए मामला सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली को भेजा गया था। सुनवाई के बाद प्राधिकारी ने आदेशों की पुष्टि कर दी।

चार वाहन, मकान और शराब की दुकान भी फ्रीज

पुलिस के अनुसार, फ्रीज की गई संपत्तियों में ये शामिल हैं:

- टोयोटा हाइलक्स पिकअप

- हुंडई क्रेटा

- महिंद्रा बोलेरो कैंपर

- महिंद्रा स्कॉर्पियो

- भोजासर में आवासीय और निर्माणाधीन मकान

- बालोतरा के मां विरात्रा विहार-6 में भूखंड और उस पर बना तीन मंजिला भवन

- जैसलमेर के रामगढ़ में दो मुरब्बे कृषि भूमि

- मेसनरी स्टोन खनन पट्टा

- शराब की दुकान

इन सभी संपत्तियों का कुल मूल्य 3,36,79,665 रुपये आंका गया है।

अब संपत्तियों को बेचने या हस्तांतरित करने पर रोक

फ्रीज की गई संपत्तियों में कौशलाराम के अलावा उसकी पत्नी, भाई और भाई की पत्नी के नाम की संपत्तियां भी शामिल हैं। आदेश के बाद इन संपत्तियों को बेचा, हस्तांतरित या किसी अन्य तरीके से लेन-देन नहीं किया जा सकेगा।

एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एम के तहत ऐसे आदेश के उल्लंघन में किया गया हस्तांतरण शून्य माना जाएगा। पुलिस परिवहन, राजस्व, पंजीयन, नगर परिषद, आबकारी, खनिज विभाग और बैंकों को भी कार्रवाई की सूचना देने की प्रक्रिया कर रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर और जोधपुर रेंज के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य और वृत्ताधिकारी बायतु दीपेन्द्र सैनी के सुपरविजन में बायतु पुलिस ने यह कार्रवाई की।