बाड़मेर में भारत-पाक बॉर्डर पर पाकिस्तानी नागरिक पकड़ा, BSF ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम की
राजस्थान के बाड़मेर में KKT सीमा चौकी के पास BSF ने भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पार कर भारतीय सीमा में घुस रहे एक पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा। 15 अगस्त पर बॉर्डर पर हाई अलर्ट के बीच कार्रवाई हुई।
राजस्थान के बाड़मेर सेक्टर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक पाकिस्तानी नागरिक को भारतीय सीमा में घुसते हुए हिरासत में लिया। यह कार्रवाई KKT सीमा चौकी के पास की गई। 15 अगस्त को लेकर सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी की गई थी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह BSF के जवान बॉर्डर इलाके में नियमित पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को अंतरराष्ट्रीय सीमा की तारबंदी पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते हुए देखा। जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी। चेतावनी मिलते ही संदिग्ध रुक गया, जिसके बाद BSF जवानों ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लेने के बाद BSF और अन्य सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसने भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश क्यों की और इसके पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था।
सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगी। इसके बाद आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जाएगी।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सीमा पर BSF की अतिरिक्त सतर्कता के चलते घुसपैठ की इस कोशिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया।

