बेगूसराय में बड़ा नाव हादसा: ढाब नदी में 20 लोगों से भरी नाव पलटी, 2 लापता; 4 घायल
बेगूसराय के चमथा रजौली के पास ढाब नदी में करीब 20 लोगों से भरी नाव पलट गई। 18 लोग सुरक्षित निकले, दो लापता और चार घायल बताए गए हैं।
बिहार के बेगूसराय जिले में गुरुवार को एक बड़ा नाव हादसा हो गया। बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा रजौली गांव के पास गंगा की सहायक ढाब नदी में करीब 20 लोगों से भरी नाव अचानक पलट गई। नाव में सवार लोग दियारा इलाके से परवल की बुनाई कर लौट रहे थे। हादसे के बाद 18 लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, जबकि दो लोगों के लापता होने की सूचना है। चार लोग घायल बताए जा रहे हैं।
नाव का संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, लोग चमथा दियारा इलाके में परवल की बुनाई करने गए थे। लौटते समय जब नाव चमथा रजौली के पास बिचली ढाब क्षेत्र में किनारे पहुंचने वाली थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में पलट गई।
नाव पलटते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई लोग पानी में बहने लगे, लेकिन 18 लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
चार घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल हुए चार लोगों को इलाज के लिए बछवाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया है। घायलों में चंदन कुमार और उनके दादा भोला महतो का नाम सामने आया है। दोनों ने बताया कि वे परवल की बुनाई के लिए दियारा गए थे और वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
दो लापता लोगों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही बछवाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दो लोगों के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद उनकी तलाश की जा रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने भी दो लोगों के लापता होने की पुष्टि करते हुए बताया कि उनकी खोजबीन जारी है।
इलाके में मचा हड़कंप
नदी में नाव पलटने की घटना के बाद आसपास के इलाके में चिंता का माहौल है। फिलहाल सभी की निगाहें लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान पर टिकी हैं। हादसे के कारणों और बचाव अभियान की आगे की स्थिति को लेकर प्रशासन की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।

