सांगानेर के वार्ड 43 से भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र भार्गव ने भरा नामांकन, जनसंपर्क अभियान भी शुरू
जयपुर नगर निकाय चुनाव में वार्ड नंबर 43 से भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र भार्गव ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने समर्थकों के साथ जनसंपर्क अभियान शुरू किया।
नगर निकाय चुनाव को लेकर जयपुर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 43 से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी शैलेंद्र भार्गव ने रविवार को उत्साह और समर्थकों की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया। शैलेंद्र भार्गव ने दोपहर करीब 12:15 बजे रिटर्निंग अधिकारी एवं उप जिला मजिस्ट्रेट, सांगानेर के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। इस दौरान मंडल के पदाधिकारी, वार्ड के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मदन राठौड़ का जताया आभार
नामांकन के बाद शैलेंद्र भार्गव ने वार्ड नंबर 43 से भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।भार्गव भाजपा के पूर्व जयपुर शहर जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
ABVP से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
कैलाशी नंदकिशोर शर्मा के अनुसार, शैलेंद्र भार्गव ने करीब 15 वर्षों तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) में संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाईं। इसके बाद वे लगभग 35 वर्षों से भाजपा में अलग-अलग स्तरों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। लंबे संगठनात्मक अनुभव के बाद अब पार्टी ने उन्हें नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 43 से मैदान में उतारा है।
नामांकन के साथ ही शुरू किया जनसंपर्क
नामांकन दाखिल करने के बाद भार्गव ने चुनाव प्रचार की शुरुआत भी कर दी। उन्होंने मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विश्वेश्वरैया नगर में घर-घर जनसंपर्क किया और स्थानीय निवासियों से मुलाकात की। अगले चरण में गोपालपुरा गांव और त्रिवेणी नगर में जनसंपर्क कार्यक्रम प्रस्तावित है। चुनाव नजदीक आने के साथ भार्गव और भाजपा कार्यकर्ताओं ने वार्ड स्तर पर प्रचार अभियान तेज करने की तैयारी की है।

