‘Arráncame la Vida’ की विशेष स्क्रीनिंग, सिनेमा के जरिए संवाद और संस्कृति को जोड़ने की पहल
जयपुर के एसआरएनजी ऑडिटोरियम में रिफ़ फिल्म क्लब और मैक्सिको एम्बेसी के सहयोग से मैक्सिकन फिल्म ‘Arráncame la Vida’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई।
रिफ़ फिल्म क्लब और मैक्सिको एम्बेसी के सहयोग से मैक्सिकन फिल्म ‘Arráncame la Vida’ (2008) की विशेष स्क्रीनिंग जयपुर के एसआरएनजी ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। कार्यक्रम में अलग-अलग आयु वर्ग के सिनेमा प्रेमियों ने भाग लिया और मैक्सिकन सिनेमा से रूबरू हुए।
प्रसिद्ध लेखिका एंजेलिस मास्ट्रेट्टा के उपन्यास पर आधारित यह फिल्म प्रेम, परिवार, महत्वाकांक्षा, विश्वासघात और व्यक्तिगत विकास जैसे विषयों को कहानी के जरिए सामने रखती है।
विश्व सिनेमा को जयपुर के दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश
रिफ़ फिल्म क्लब के संस्थापक सोमेंद्र हर्ष ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल फिल्मों की स्क्रीनिंग तक सीमित नहीं है। प्रयास यह है कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों के विविध और सार्थक सिनेमा को दर्शकों तक पहुंचाया जाए और फिल्मों के माध्यम से संवाद, विचार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की संस्कृति को बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि मैक्सिकन फिल्म की यह स्क्रीनिंग भी इसी दिशा में किया गया एक प्रयास है।
मनोरंजन से आगे सिनेमा की भूमिका
इस विशेष स्क्रीनिंग के जरिए दर्शकों को भारतीय मुख्यधारा के सिनेमा से अलग मैक्सिकन समाज और उसकी कहानी कहने की शैली को जानने का अवसर मिला। रिफ़ फिल्म क्लब का यह आयोजन सिनेमा को केवल मनोरंजन के साधन के बजाय संवाद, संवेदना और विभिन्न संस्कृतियों के बीच जुड़ाव के माध्यम के रूप में सामने लाने की पहल रहा।

