लो-फ्लोर बस और टैंकर की भीषण भिड़ंत, बस चालक की हालत गंभीर

जयपुर के बालाजी मोड़ पर JCTSL की लो-फ्लोर बस टैंकर से टकराई। दोनों चालक गंभीर घायल। मार्च में कंडम घोषित बस के संचालन को लेकर सवाल उठे।

लो-फ्लोर बस और टैंकर की भीषण भिड़ंत, बस चालक की हालत गंभीर

जेसीटीएसएल के टोडी डिपो से संचालित लो-फ्लोर बस रूट संख्या 28 NO (अजमेरी गेट से रेनवाल) की बालाजी मोड़ पर टैंकर से भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में लो-फ्लोर बस चालक एवं टैंकर चालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए SMS अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे के बाद जेसीटीएसएल की बसों की सुरक्षा एवं रखरखाव व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त लो-फ्लोर बस को मार्च माह में ही कंडम घोषित किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद बस की संचालन अवधि दो बार बढ़ा दी गई और उसे सड़कों पर दौड़ाया जा रहा था।

एक तरफ डिपो में 50 नई PM-E बसें खड़ी धूल फांक रही हैं, वहीं दूसरी तरफ कंडम घोषित बसें यात्रियों की जान जोखिम में डालकर सड़कों पर संचालित की जा रही हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर नई बसों का संचालन शुरू करने में देरी क्यों हो रही है और कंडम बसों को बार-बार संचालन की अनुमति किस आधार पर दी जा रही है?

लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों के बीच जेसीटीएसएल प्रशासन की बसों की फिटनेस, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था की निष्पक्ष जांच होना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।