जोधपुर में ट्रेन पलटाने की साजिश! ट्रैक पर रखा मिला लोहे का टुकड़ा, चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
जोधपुर के लोहावट में रेलवे ट्रैक पर लोहे का बड़ा टुकड़ा मिलने से ट्रेन पलटाने की साजिश की आशंका जताई गई। चालक की सतर्कता से हादसा टला, आरपीएफ जांच में जुटी।
राजस्थान के जोधपुर में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन को पलटाने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। लोहावट के पास रेलवे पटरी पर लोहे का एक बड़ा टुकड़ा रखा मिला। आशंका जताई जा रही है कि असामाजिक तत्वों ने ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त करने के इरादे से इसे ट्रैक पर रखा था। हालांकि, ट्रेन चालक की सतर्कता से समय रहते खतरा टल गया और बड़ा हादसा होने से बच गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है। ट्रेन चालक की नजर जैसे ही रेलवे ट्रैक पर रखे लोहे के बड़े टुकड़े पर पड़ी, उसने तुरंत ट्रेन रोक दी। इसके बाद चालक ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रेलवे ट्रैक पर लोहे का टुकड़ा मिलने से सुरक्षा पर सवाल
रेलवे ट्रैक पर इस तरह लोहे का भारी टुकड़ा मिलने से रेल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि चालक समय रहते इसे नहीं देख पाता तो ट्रेन के साथ गंभीर हादसा हो सकता था। फिलहाल रेलवे सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि लोहे का टुकड़ा ट्रैक पर किसने रखा और इसके पीछे क्या मकसद था।
श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर पहले भी हो चुका है ब्लास्ट
राजस्थान में रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 3 नवंबर को श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर गांव 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ था।
इस ब्लास्ट में रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो से तीन स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे। धमाका इतना तेज था कि स्लीपर के अंदर लगा सरिया बाहर निकल आया और रेलवे लाइन के क्लिप भी पटरी से अलग हो गए थे।
जानकारी के मुताबिक, अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जाने वाली ट्रेन के गुजरने के कुछ समय बाद यह धमाका हुआ था। इस घटना को अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को निशाना बनाने की साजिश से जोड़कर देखा गया था।
रेलवे सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं जांच
जोधपुर के लोहावट में रेलवे ट्रैक पर लोहे का टुकड़ा मिलने और श्रीगंगानगर में पहले हुए ब्लास्ट की घटनाओं ने राजस्थान में रेल सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल जोधपुर मामले में आरपीएफ और रेलवे सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रैक पर लोहे का टुकड़ा किसने रखा था और क्या इसके पीछे ट्रेन को पलटाने की साजिश थी।

