रेलवे अफसर का अपहरण, 51 लाख की फिरौती मांगने का आरोप; साला निकला मास्टरमाइंड
रेलवे भर्ती बोर्ड के अधिकारी रवि मीणा के अपहरण मामले में पुलिस ने पत्नी के भाई समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। 51 लाख रुपए की फिरौती मांगने का आरोप है।
अजमेर में रेलवे भर्ती बोर्ड के मुख्य कार्यालय अधीक्षक रवि कुमार मीणा के अपहरण के मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, रवि की पत्नी के भाई महेंद्र मीणा ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची थी। आरोप है कि रवि को बंधक बनाकर उसकी मां से 51 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई।
रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालय के बाहर से किया अपहरण
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को महेंद्र मीणा ने अपने साथियों अनिल और शंकरलाल के साथ मिलकर रवि का रेलवे भर्ती बोर्ड के सामने से अपहरण किया। इसके बाद उसे बंधक बनाकर परिवार से फिरौती की मांग की गई।
रवि की मां की शिकायत पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जयपुर के पास से सकुशल बरामद हुआ था रवि
पुलिस के अनुसार, रवि को 24 अगस्त को बांदीकुई, दौसा सदर और अलवर के टहला थाना पुलिस की मदद से जयपुर के पास से सकुशल मुक्त कराया गया था। मामले में सीताराम और नाथूलाल नाम के दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी।
वहीं, मुख्य आरोपी महेंद्र और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी थी। करीब एक महीने बाद पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 2 अक्टूबर को दौसा से महेंद्र मीणा, अनिल और शंकरलाल को गिरफ्तार किया गया।
दो आरोपियों को पुलिस रिमांड, एक न्यायिक अभिरक्षा में
गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, अदालत ने अनिल को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया, जबकि महेंद्र मीणा और शंकरलाल को 6 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा है।
2018 में हुई थी शादी, तभी से चल रहा था पारिवारिक विवाद
पुलिस के मुताबिक, महेंद्र की बहन की शादी 2018 में रवि मीणा से हुई थी। शादी के बाद से दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। मामले को सुलझाने के लिए सामाजिक स्तर पर कई बार बैठकें भी हुईं, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका।
पुलिस का कहना है कि इसी पारिवारिक विवाद के चलते महेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर रवि के अपहरण की साजिश रची और उसकी मां से 51 लाख रुपए की फिरौती मांगी। मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अपहरण की पूरी साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

