जयपुर में फकीरों की डूंगरी में रजाइयों के गोदाम में लगी भीषण आग, तीन मंजिला भवन से उठा धुआं
जयपुर के फकीरों की डूंगरी में तीन मंजिला भवन की ऊपरी मंजिल पर बने रजाइयों के गोदाम में आग लग गई। दमकल ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया।
जयपुर के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित फकीरों की डूंगरी में शनिवार दोपहर रजाइयों के गोदाम में अचानक आग लग गई। तीन मंजिला भवन की सबसे ऊपरी मंजिल पर बने गोदाम में रखे बड़ी मात्रा में रूई के स्टॉक ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
रूई के स्टॉक में लगी आग, आसपास के लोग घरों से निकले
घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। आग तीन मंजिला भवन की ऊपरी मंजिल पर स्थित गोदाम में लगी थी। गोदाम में रजाइयां बनाने के लिए बड़ी मात्रा में रूई रखी हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण रूई ने आग पकड़ ली।
रूई के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही समय में गोदाम से तेज लपटें उठने लगीं। धुआं दूर तक नजर आने के बाद आसपास रहने वाले लोग भी घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
दमकल ने करीब एक घंटे में पाया आग पर काबू
आग की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया।
एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई भी कुछ समय के लिए बंद कराई गई, ताकि आग के दौरान किसी अन्य तरह का खतरा न हो।
पुलिस ने संभाली स्थिति, जनहानि नहीं
ब्रह्मपुरी थाना एसएचओ ब्रजमोहन कविया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। आग की सूचना के बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।
समय रहते दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है।

