चक्रवाती तूफान अकवान का खतरा: आज आंध्र-ओडिशा तट से टकराने की आशंका, 10 राज्यों में दिख सकता है असर
Cyclone Akvan Alert: चक्रवात 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट के बीच पहुंच सकता है। 110 KM की रफ्तार से हवाएं, भारी बारिश और 10 राज्यों में असर की आशंका।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान को लेकर देश के पूर्वी तटीय राज्यों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। तूफान के गुरुवार दोपहर तक आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका जताई गई है। इस दौरान 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां तैयारियों में जुटी हैं।
तूफान के प्रभाव से ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। विशाखापट्टनम के समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं, जबकि पुरी और कोलकाता में भी बारिश का दौर जारी है।
ओडिशा के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए ओडिशा के 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर छह जिलों में 19 से 21 नवंबर तक स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता बनी हुई है। अब तक करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
10 राज्यों में दिखाई दे सकता है अकवान का असर
चक्रवाती तूफान का प्रभाव केवल समुद्र से सटे राज्यों तक सीमित नहीं रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, देश के 10 राज्यों में इसके चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
- तमिलनाडु
- आंध्र प्रदेश
- तेलंगाना
- ओडिशा
- पश्चिम बंगाल
- मध्य प्रदेश
- छत्तीसगढ़
- बिहार
- झारखंड
- उत्तर प्रदेश
इन राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और बादल छाए रहने जैसी मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। हालांकि, तूफान का सबसे अधिक प्रभाव तटीय क्षेत्रों में रहने की आशंका है।
समुद्र में उठ रही ऊंची लहरें, तटीय इलाकों में बढ़ी चिंता
अकवान के आगे बढ़ने के साथ समुद्र में हलचल तेज हो गई है। विशाखापट्टनम के तटीय इलाकों में ऊंची लहरें उठ रही हैं। तूफान के दौरान समुद्र का जलस्तर बढ़ने से निचले तटीय क्षेत्रों में जलभराव का खतरा भी बना हुआ है।
ऐसे में मछुआरों और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की जरूरत है।
नौसेना और आपदा प्रबंधन एजेंसियां तैयार
चक्रवाती तूफान से उत्पन्न होने वाली संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भारतीय नौसेना सहित विभिन्न आपदा प्रबंधन एजेंसियां तैयारियों में जुटी हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
प्रशासन का लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और तूफान से होने वाले संभावित जान-माल के नुकसान को कम करने पर है।
रेलवे सेवाओं पर भी तूफान का असर
खराब मौसम और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने गुरुवार को तीन ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया है। आने वाले समय में मौसम की स्थिति के अनुसार रेल सेवाओं में और बदलाव किए जा सकते हैं। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति जांचने की सलाह दी जाती है।
तूफान के रास्ते और रफ्तार पर मौसम विभाग की नजर
भारत मौसम विज्ञान विभाग लगातार चक्रवात की दिशा, गति और तीव्रता पर नजर बनाए हुए है। समुद्र से तट की ओर बढ़ने के दौरान तूफान की रफ्तार और दिशा में बदलाव संभव है। ऐसे में तटीय राज्यों के लिए आगामी 24 से 48 घंटे महत्वपूर्ण हो सकते हैं।

