Sikar Crime: सड़क किनारे पलटी क्रेटा में मिला 45 किलो डोडा-पोस्त, 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
सीकर के नेछवा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा गाड़ी से पुलिस ने 45 किलो डोडा-पोस्त बरामद किया। पुलिस ने मौके से 19 वर्षीय रामस्वरूप सैन उर्फ महावीर सैन को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके फरार दोस्त की तलाश जारी है।
सीकर जिले के नेछवा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त मिली एक क्रेटा गाड़ी से पुलिस ने 45 किलो डोडा-पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मौके से गाड़ी में बैठे 19 वर्षीय युवक रामस्वरूप सैन उर्फ महावीर सैन निवासी नरसास को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस अब उसके फरार दोस्त की तलाश कर रही है।
गश्त के दौरान सड़क किनारे मिली दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी
नेछवा थाना SHO रमेशचंद मीणा के अनुसार, पुलिस टीम मंगलवार रात रूटीन गश्त पर थी। इसी दौरान पुन्नी प्याऊ से नरसास जाने वाली सड़क पर किनारे एक क्रेटा गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली।
गाड़ी की ड्राइवर सीट पर एक युवक बैठा हुआ था। पुलिस को मामला संदिग्ध लगा तो उससे पूछताछ की गई। युवक ने अपना नाम रामस्वरूप सैन बताया और पुलिस को बताया कि गाड़ी अनबैलेंस होने के कारण पलट गई थी।
दो प्लास्टिक के कट्टों में मिला डोडा-पोस्त
पुलिस ने क्रेटा की तलाशी ली तो उसमें दो प्लास्टिक के कट्टे मिले। तलाशी लेने पर दोनों कट्टों में डोडा-पोस्त बरामद हुआ। कुल वजन करीब 45 किलो बताया गया है।
इसके बाद पुलिस ने रामस्वरूप सैन को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दोस्त ने घर ले जाने के लिए दी थी गाड़ी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रामस्वरूप का एक दोस्त रेस्टोरेंट चलाता है। बताया जा रहा है कि उसी दोस्त ने रामस्वरूप को गाड़ी घर ले जाने के लिए दी थी। रास्ते में गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई, जिसके बाद पुलिस को उसमें डोडा-पोस्त मिला।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गाड़ी में डोडा-पोस्त कहां से आया और इसे कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही पुलिस फरार दोस्त की तलाश कर रही है।

