1.5 Lakh में दशहरा पर खरीदनी है इलेक्ट्रिक बाइक? 1.5 लाख के अंदर मिलेंगे ये 5 ऑप्शन

दशहरा पर 1.5 लाख रुपये के बजट में इलेक्ट्रिक बाइक खरीदने का प्लान है? जानें Oben, Revolt, Ola, Avore और Odysse की कीमत, रेंज और खासियत।

1.5 Lakh में दशहरा पर खरीदनी है इलेक्ट्रिक बाइक? 1.5 लाख के अंदर मिलेंगे ये 5 ऑप्शन

दशहरा के मौके पर अगर आप नई बाइक खरीदने की तैयारी कर रहे हैं और पेट्रोल के खर्च से राहत चाहते हैं, तो इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल एक विकल्प हो सकती है। बाजार में अब कई ऐसी इलेक्ट्रिक बाइक मौजूद हैं, जिनमें स्पोर्टी डिजाइन, लंबी रेंज और स्मार्ट फीचर्स मिलते हैं।

करीब 1.5 लाख रुपये के बजट में भी कई इलेक्ट्रिक बाइक उपलब्ध हैं। हालांकि, कुछ मॉडल के बड़े बैटरी वेरिएंट इस बजट से बाहर चले जाते हैं। आइए जानते हैं कीमत, रेंज और फीचर्स के हिसाब से इन 5 इलेक्ट्रिक बाइक्स के बारे में।

Oben Rorr Evo

Oben Rorr Evo को स्पोर्टी स्ट्रीटफाइटर डिजाइन के साथ पेश किया गया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1,39,999 रुपये बताई गई है। कंपनी के अनुसार, यह बाइक वास्तविक परिस्थितियों में करीब 180 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है। इसकी टॉप स्पीड 110 km/h है।

बाइक में 9 kW की मोटर और 5-इंच कलर TFT डिस्प्ले मिलता है। इसमें नेविगेशन, कॉल और म्यूजिक अलर्ट के साथ एंटी-थेफ्ट प्रोटेक्शन, रिमोट डायग्नोस्टिक्स और फॉल अलर्ट जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।

Revolt RVX

रोजाना शहर में आने-जाने के लिए Revolt RVX पर भी विचार किया जा सकता है। इसकी IDC रेंज 160 किलोमीटर बताई गई है, जबकि टॉप स्पीड 90 km/h है।

इसमें डिजिटल डैशबोर्ड दिया गया है, जहां बैटरी, रेंज और राइडिंग से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है। बाइक में कॉल और मैसेज अलर्ट जैसे कनेक्टेड फीचर्स भी मिलते हैं।

Revolt RVX की एक्स-शोरूम कीमत 1,29,990 रुपये बताई गई है।

Ola Roadster X+

अगर आपकी प्राथमिकता लंबी रेंज है, तो Ola Roadster X+ पर नजर डाल सकते हैं। इसमें 4.5 kWh और 9.1 kWh बैटरी के विकल्प मिलते हैं।

कंपनी के अनुसार, 4.5 kWh बैटरी वाला मॉडल 252 किलोमीटर तक की IDC रेंज दे सकता है, जबकि 9.1 kWh वेरिएंट की रेंज 500 किलोमीटर तक बताई गई है। इसकी टॉप स्पीड 125 km/h है और 0 से 40 km/h की रफ्तार पकड़ने में 2.7 सेकंड लगने का दावा किया गया है।

4.5 kWh वेरिएंट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1,03,382 रुपये है। वहीं, 9.1 kWh मॉडल की कीमत 1,89,999 रुपये से शुरू होती है। यानी 500 किलोमीटर रेंज वाला बड़ा बैटरी वेरिएंट 1.5 लाख रुपये के बजट से बाहर है।

Avore EX1

Avore EX1 में रेंज के साथ परफॉर्मेंस और टेक्नोलॉजी पर भी फोकस किया गया है। इसमें 3.24 kWh बैटरी दी गई है और कंपनी के मुताबिक यह 160 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है। बाइक की टॉप स्पीड 100 km/h है।

इसमें डिजिटल कॉकपिट के साथ नेविगेशन और ट्रिप से जुड़ी जानकारी मिलती है। बैटरी हेल्थ मॉनिटरिंग, व्हीकल डायग्नोस्टिक्स और सिक्योरिटी अलर्ट जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।

पहले 10,000 ग्राहकों के लिए इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1,24,999 रुपये बताई गई है। इसके बाद रेगुलर कीमत 1,34,999 रुपये होने की बात कही गई है।

Odysse Electric Evoqis Lite

कम दूरी के रोजाना शहरी सफर के लिए Odysse Electric Evoqis Lite एक विकल्प हो सकती है। इसका डिजाइन स्पोर्टी है और कॉम्पैक्ट साइज इसे शहर में इस्तेमाल के लिए सुविधाजनक बनाता है।

इसकी राइडिंग रेंज 90 किलोमीटर और टॉप स्पीड 75 km/h है। कंपनी के अनुसार, इसकी बैटरी को 0 से 100 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 6 घंटे लगते हैं।

इस इलेक्ट्रिक बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 1.18 लाख रुपये बताई गई है।

1.5 लाख के बजट में कौन-से विकल्प?

अगर आपका बजट करीब 1.5 लाख रुपये है, तो Oben Rorr Evo, Revolt RVX, Ola Roadster X+ का 4.5 kWh वेरिएंट और Avore EX1 जैसे विकल्प देखे जा सकते हैं। वहीं, कम दूरी के शहरी इस्तेमाल के लिए Odysse Electric Evoqis Lite पर भी विचार किया जा सकता है।

ध्यान रखें कि एक्स-शोरूम कीमत के अलावा रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और अन्य शुल्क के कारण ऑन-रोड कीमत ज्यादा हो सकती है। इलेक्ट्रिक बाइक खरीदने से पहले केवल कंपनी की दावा की गई रेंज पर निर्भर न रहें। वास्तविक रेंज, चार्जिंग टाइम, बैटरी वारंटी, सर्विस नेटवर्क और आपके शहर में उपलब्धता की भी जांच जरूर करें।