अफगानिस्तान के कुनार में बड़ा धमाका, 7 लोगों की मौत और 97 घायल; स्कूल के पास घर में फटे विस्फोटक

अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में शागी मिडिल स्कूल के पास घर में विस्फोट से 7 लोगों की मौत और 97 घायल हो गए। जानें धमाके की वजह।

अफगानिस्तान के कुनार में बड़ा धमाका, 7 लोगों की मौत और 97 घायल; स्कूल के पास घर में फटे विस्फोटक

अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत में शनिवार को हुए विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 97 लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाका प्रांतीय राजधानी असदाबाद में शागी मिडिल स्कूल के पास एक घर में हुआ। घायलों को इलाज के लिए कुनार प्रांतीय अस्पताल पहुंचाया गया।

कुनार के सूचना एवं संस्कृति निदेशक समीउल हक हक बयान ने टोलोन्यूज को बताया कि प्रांतीय अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के बाद सात लोगों के शव और 97 घायल व्यक्तियों को अस्पताल लाया गया।

सुबह करीब 10 बजे हुआ विस्फोट

कुनार प्रांतीय पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता फरीद देहकान के मुताबिक, विस्फोट शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। घटना शागी मिडिल स्कूल के पास एक घर में हुई, जहां खनन कार्यों के लिए विस्फोटक तैयार किए जा रहे थे।

हक बयान के अनुसार, कुनार-नूरिस्तान राजमार्ग पर खनन और चट्टानों को हटाने के काम के लिए रखे गए विस्फोटक अचानक घर के अंदर फट गए। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

कई घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

समीउल हक हक बयान ने बताया कि मामूली रूप से घायल हुए कुछ लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, अन्य घायलों का कुनार प्रांतीय अस्पताल में इलाज जारी है।

फिलहाल सामने आई जानकारी के मुताबिक, विस्फोट की वजह खनन कार्यों के लिए तैयार किए जा रहे विस्फोटकों का घर के अंदर फटना बताया गया है।